अभिजीत दिपके, नेहा बोरा हिरासत में, कनाट प्लेस जाने की थी तैयारी,  कनाट प्लेस इलाके में सुरक्षा सख्त

सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके और  आईसा की नेहा बोरा को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया है। वह कनॉट प्लेस जाने की कोशिश कर रहे थे। दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के फाउंडर अभिजीत दीपके ने 'लहरा दो तिरंगा' मार्च का ऐलान किया है।

Oct 16, 2026 - 18:17
 0
अभिजीत दिपके, नेहा बोरा हिरासत में, कनाट प्लेस जाने की थी तैयारी,  कनाट प्लेस इलाके में सुरक्षा सख्त

नई दिल्ली। सीजेपी ने लहरा दो तिरंगा मार्च अपने नेताओं सौरव दास और आशुतोष रांका की गिरफ्तारी के विरोध में बुलाया है। दोनों नेताओं को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए जाने के बाद पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। दिल्ली पुलिस ने सीजेपी के इस मार्च को अनुमति नहीं दी है। कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत प्रतिबंध लागू हैं। पुलिस ने लोगों से इलाके में जाने से बचने की अपील की है।

नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क को 16 और 17 अक्टूबर को आम लोगों के लिए बंद रखने का फैसला किया है। इलाके में सुरक्षा बढ़ाई गई है और यातायात में बदलाव किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। दिल्ली हाई कोर्ट ने 15 अक्टूबर को सीजेपी के प्रस्तावित मार्च पर रोक लगाने की मांग वाली याचिका पर हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि मार्च को पुलिस की अनुमति मिल गई है। अदालत ने पुलिस की उस बात को दर्ज किया कि वह कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी कदम उठाएगी।

सीजेपी का कहना है कि उसके नेता राष्ट्रीय ध्वज फहराने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने जंतर-मंतर के प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश किया और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के काम में बाधा डाली। इन आरोपों के बाद कार्रवाई की गई। सीजेपी ने मार्च के समर्थन में लोगों से तिरंगा लेकर शामिल होने की अपील की है। कुछ विपक्षी और छात्र संगठनों की ओर से भी समर्थन की खबरें आई हैं। हालांकि, प्रस्तावित मार्च के दौरान क्या स्थिति बनेगी, यह सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासन के फैसलों पर डिपेंड करेगा।

आईसा की अध्यक्ष नेहा बोरा को भी अभिजीत दीपके के बाद दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उन्हें मंडी हाउस से दिल्ली पुलिस हिरासत में लिया है। नेहा ने वीडियो जारी करके मंडी हाउस आकर लोगों से मार्च में शामिल होने का अह्वाहन किया था। हिरासत में लिए जाने पर नेहा ने कहा कि "ये हिंदुस्तान को बचाने की लड़ाई है। तिहाड़ भेज दीजिए।

दिल्ली आप अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा है, "एक 'तिरंगा यात्रा' का आह्वान किया है और हम पूरी तरह तैयार हैं, हमारे पास सैकड़ों तिरंगे हैं। आज हम मध्य दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। आज सुबह, हमारे युवा साथियों ने राष्ट्रपति भवन और संसद के सामने 270 फुट लंबा तिरंगा फहराया।" जिसके बाद दिल्ली के आम आदमी पार्टी कार्यालय के सामने सभी आप कार्यकर्ताओं ने तिरंगा फहराना शुरू कर दिया, जहां से वे लोग मार्च निकालते हुए कनॉट प्लेस की ओर बढ़ रहे हैं।