आगरा में कालिंदी विहार के 100 फुटा मार्ग पर हादसे का इंतजार? टेढ़ी बगिया से शाहदरा चुंगी तक सड़क पर गहरे गड्ढे, भारी वाहनों का बेखौफ आवागमन

टेढ़ी बगिया से शाहदरा चुंगी तक कालिंदी विहार के 100 फुटा मार्ग पर सड़क की बदहाली और गहरे गड्ढों के बीच भारी वाहनों के आवागमन को लेकर स्थानीय लोगों में रोष है। एक लेन बंद होने के कारण दूसरी लेन पर दोनों दिशाओं का यातायात चल रहा है, जबकि वह भी गड्ढों और अव्यवस्था से जूझ रही है। लोगों ने प्रशासन से तत्काल गड्ढे भरने, अतिक्रमण हटाने, भारी वाहनों पर रोक लगाने और यातायात सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की है, ताकि किसी गंभीर हादसे से पहले स्थिति सुधारी जा सके।

Aug 26, 2026 - 13:23
 0
आगरा में कालिंदी विहार के 100 फुटा मार्ग पर हादसे का इंतजार? टेढ़ी बगिया से शाहदरा चुंगी तक सड़क पर गहरे गड्ढे, भारी वाहनों का बेखौफ आवागमन
ये हाल है कालिंदी विहार की मेन सड़क का।

आगरा। टेढ़ी बगिया से शाहदरा चुंगी तक कालिंदी विहार के 100 फुटा मार्ग की बदहाली ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। सड़क पर जगह-जगह बने बड़े और गहरे गड्ढों के बीच भारी वाहन, ट्रक और डंपर लगातार गुजर रहे हैं, जबकि सड़क की एक लेन पूरी तरह बंद है। स्थिति इतनी खतरनाक है कि दुपहिया वाहन गहरे गड्ढों में फंसकर पलट सकते हैं और किसी भी समय गंभीर हादसा हो सकता है। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से भारी वाहनों के आवागमन को रोकने अथवा यातायात को सुरक्षित ढंग से संचालित करने के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं।

एक लेन बंद, दूसरी भी बदहाल: स्थानीय लोगों के मुताबिक कालिंदी विहार के 100 फुटा मार्ग पर सड़क निर्माण अथवा अन्य कार्य के कारण एक तरफ का रास्ता बंद है। दूसरी तरफ से दोनों दिशाओं का यातायात संचालित हो रहा है, लेकिन इस हिस्से पर भी जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं। इन गड्ढों के बीच भारी ट्रक, ट्रॊले और डंपर गुजर रहे हैं। इससे सड़क पर जाम की स्थिति बनने के साथ ही दुर्घटना का खतरा भी लगातार बना रहता है।

सुरक्षा इंतजामों पर सवाल: आमतौर पर सड़क के एक हिस्से पर काम होने के दौरान दूसरे हिस्से को यातायात के लिए सुरक्षित बनाया जाता है। अतिक्रमण हटाया जाता है, गड्ढों को दुरुस्त कराया जाता है और यातायात को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कालिंदी विहार में ऐसी व्यवस्था दिखाई नहीं दे रही है। एक तरफ सड़क पूरी तरह बंद है और दूसरी तरफ बदहाल सड़क पर दोनों दिशाओं के वाहनों के साथ भारी वाहनों का आवागमन जारी है।

गिट्टी डालकर गड्ढे भरने की मांग: स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सड़क निर्माण कार्य में अभी समय लगना है तो कम से कम तत्काल सुरक्षा के उपाय किए जाएं। बड़े गड्ढों में गिट्टी डालकर उन्हें समतल कराया जाए, सड़क के आसपास से अतिक्रमण हटाया जाए और भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाई जाए। उनका कहना है कि इन प्राथमिक उपायों से भी दुर्घटना की आशंका को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

नगर आयुक्त के दौरे के बाद भी हालात जस के तस: स्थानीय लोगों के अनुसार नगर आयुक्त का इस क्षेत्र में दौरा भी हो चुका है। इसके बावजूद सड़क की बदहाली और बड़े-बड़े गड्ढों की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। लोगों का सवाल है कि यदि नगर आयुक्त ने मौके का निरीक्षण किया था तो उन्हें सड़क के ऐसे हालात क्यों नहीं दिखाई दिए। स्थानीय नागरिकों ने यह भी सवाल उठाया कि कहीं अधिकारियों ने मौके की वास्तविक स्थिति से उन्हें अवगत कराने के बजाय केवल कागजी जानकारी तक सीमित तो नहीं रखा।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से मौके पर पहुंचने की अपील: स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री, मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, नगर आयुक्त समेत सभी संबंधित मंत्रियों, सांसद और विधायक से कालिंदी विहार के इस मार्ग का मौके पर निरीक्षण करने की अपील की है। उनका कहना है कि यह किसी राजनीतिक दल या व्यक्ति के खिलाफ शिकायत नहीं है, बल्कि सड़क पर चलने वाले हजारों लोगों की सुरक्षा से जुड़ा मामला है।

‘बड़ी घटना के बाद न चेते प्रशासन’: लोगों का कहना है कि प्रशासन को किसी बड़े हादसे का इंतजार नहीं करना चाहिए। जब तक सड़क निर्माण पूरा नहीं होता, तब तक यातायात को सुरक्षित रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था, भारी वाहनों पर नियंत्रण, अतिक्रमण हटाने और गड्ढों की तत्काल मरम्मत जैसे कदम उठाए जाने चाहिए। स्थानीय नागरिकों के मुताबिक वर्तमान स्थिति में हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

SP_Singh AURGURU Editor