हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा आगरा का खाटू श्याम मंदिर, शिव भजनों पर झूमे श्रद्धालु

आगरा। श्रावण माह के पावन अवसर पर श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट, जीवनी मंडी की ओर से मंगलवार को मंदिर परिसर स्थित श्री श्यामेश्वर महादेव का महारुद्र अभिषेक और भव्य भजन संध्या आयोजित की गई। वैदिक मंत्रोच्चार और भगवान भोलेनाथ के जयघोष के बीच हुए महारुद्र अभिषेक के बाद देर रात तक शिव भजनों की धूम रही। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आयोजन में सहभागिता की और बाबा श्यामेश्वर महादेव का आशीर्वाद प्राप्त किया।

Aug 25, 2026 - 22:31
 0
हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा आगरा का खाटू श्याम मंदिर, शिव भजनों पर झूमे श्रद्धालु
खाटू श्याम मंदिर में मंगलवार को आयोजित भजन संध्या में मौजूद श्रद्धालुजन।

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ महारुद्र अभिषेक

सावन महोत्सव के अंतर्गत श्री श्यामेश्वर महादेव मंदिर में चल रहे 108 रुद्राभिषेक के क्रम में महारुद्र अभिषेक किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का पंचामृत और पवित्र जल से अभिषेक कर विधि-विधान से पूजन किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ से परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और सर्वकल्याण की प्रार्थना की।

शिव भजनों पर झूमे श्रद्धालु

महारुद्र अभिषेक के बाद रात नौ बजे से भव्य भजन संध्या शुरू हुई। भजन गायकों ने जैसे ही भगवान भोलेनाथ की महिमा का गुणगान शुरू किया, श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। “हर हर शंभू, शिव महादेवा…”, “भोले की भक्ति में जो रम जाए…”, “बम बम भोले, हर हर भोले…” और “शिव कैलाशों के वासी…” जैसे शिव भजनों ने मंदिर परिसर को भक्तिरस से भर दिया।

कहीं श्रद्धालु शिव नाम का संकीर्तन करते दिखाई दिए तो कहीं महिलाएं और पुरुष तालियां बजाकर भजनों का आनंद लेते रहे। पूरे मंदिर परिसर में “हर-हर महादेव” और “जय श्री श्याम” के जयकारे गूंजते रहे। शिव भक्ति और श्याम भक्ति का यह संगम श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि ज्योतिषाचार्य श्याम मुरारी शर्मा (श्याम भैया जी) ने महाआरती की। आरती के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान शिव और बाबा श्याम के जयकारे लगाए और सामूहिक रूप से सुख-शांति एवं सर्वकल्याण की प्रार्थना की।

श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि श्रावण माह भगवान शिव की आराधना का विशेष पर्व है। इसी भावना के साथ श्री श्यामेश्वर महादेव मंदिर में सावन महोत्सव के अंतर्गत 108 रुद्राभिषेक किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में हेमेंद्र अग्रवाल, संजय अग्रवाल, अमित गोयल, विपिन बंसल, विकास गोयल, अनूप गोयल, आकाश गुप्ता, प्रबल गोयल और पंकज अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor