हरिनाम संकीर्तन से गूंजा आगरा का श्रीजगन्नाथ मंदिर, बलराम पूर्णिमा पर फूल बंगले में हुए भगवान के दर्शन
आगरा। कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर में बलराम पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, उल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। विशेष पूजा-अर्चना, पंचामृत एवं पंचगव्य अभिषेक, भगवान बलराम की जन्म से विवाह तक की लीलाओं की कथा और हरिनाम संकीर्तन ने मंदिर परिसर को भक्तिमय बना दिया। सतरंगी फूलों से सजे भव्य फूल बंगले में विराजमान भगवान के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। हरे राम, हरे कृष्णा के संकीर्तन पर भक्त भावविभोर होकर झूमते और नृत्य करते नजर आए।
महोत्सव के अवसर पर सुबह से ही मंदिर परिसर में विशेष तैयारियां शुरू कर दी गई थीं। मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच श्रीकृष्ण-बलराम जी का पंचामृत एवं पंचगव्य से अभिषेक किया गया। विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद भगवान जगन्नाथ, उनकी बहन सुभद्रा और भाई बलभद्र का विशेष श्रृंगार किया गया। तीनों विग्रहों को आकर्षक आसमानी रंग की पोशाक धारण कराई गई।
मंदिर के अध्यक्ष अरविन्द प्रभु ने श्रद्धालुओं को भगवान बलराम की महिमा का वर्णन करते हुए उनके जन्म से लेकर विवाह तक की विभिन्न लीलाओं की कथा सुनाई। उन्होंने भगवान बलराम के स्वरूप और श्रीकृष्ण की लीलाओं में उनके महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भगवान बलराम शक्ति, सेवा और धर्म के प्रतीक हैं।
मंदिर परिसर में सतरंगी फूलों से भव्य फूल बंगला सजाया गया। विभिन्न प्रकार के फूलों से की गई आकर्षक सजावट ने मंदिर की सुंदरता को और बढ़ा दिया। फूल बंगले में विराजमान भगवान के मनोहारी दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही।
महोत्सव का प्रमुख आकर्षण हरिनाम संकीर्तन रहा। हरे राम, हरे कृष्णा के संकीर्तन में श्रद्धालु भक्ति में डूबे नजर आए। मृदंग और करताल की धुन पर भक्त झूमते और नृत्य करते रहे। संकीर्तन के दौरान पूरा मंदिर परिसर हरिनाम के जयघोष से गूंज उठा।
अभिषेक के उपरांत भगवान की आरती की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्ति, उल्लास और आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।
इस अवसर पर नितेश अग्रवाल, सुशील अग्रवाल, शैलेन्द्र अग्रवाल, कान्ता प्रसाद अग्रवाल, संजीव बंसल, शैलेश बंसल, संजय कुकरैजा, राजेश मल्होत्रा, संजीव मित्तल, राजेश उपाध्याय, ओमप्रकाश, देव केशव, अदिति गौरांगी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।