आर्टिस्ट गिल्ड ऑफ यूपी ने स्थापना दिवस पर उठाई ‘कलाकार कल्याण बोर्ड’ के गठन की मांग

आगरा। उत्तर प्रदेश के कलाकारों को संगठित करने और उनके हितों की आवाज बुलंद करने वाले आर्टिस्ट गिल्ड ऑफ यूपी ने फतेहाबाद रोड स्थित होटल में अपना प्रथम स्थापना दिवस समारोह एवं कार्यकारिणी बोर्ड बैठक धूमधाम से मनाई। समारोह में कलाकारों के सम्मान, उचित मानदेय और उनके कल्याण के लिए प्रदेश में विशेष कलाकार कल्याण बोर्ड गठित करने की मांग उठाई गई। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि कलाकारों को उनकी कला के अनुरूप सम्मान और आर्थिक पारिश्रमिक मिलना जरूरी है।

Aug 26, 2026 - 20:40
Aug 26, 2026 - 20:40
 0
आर्टिस्ट गिल्ड ऑफ यूपी ने स्थापना दिवस पर उठाई ‘कलाकार कल्याण बोर्ड’ के गठन की मांग
आर्टिस्ट गिल्ड ऑफ यूपी के पहले स्थापना दिवस का दीप जलाकर उद्घाटन करते अतिथिगण।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। दीप प्रज्वलन वेडिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, महासचिव संदीप उपाध्याय, आर्टिस्ट गिल्ड ऑफ यूपी की अध्यक्ष रिंकू प्रवीण वर्मा, महासचिव कमलप्रीत सिंह (शैंकी), उपाध्यक्ष डॉ. मंजरी शुक्ला, उपाध्यक्ष पंकज वर्मा, भीम शिरोमणि एवं देव शर्मा ने किया।

महासचिव कमलप्रीत सिंह (शैंकी) ने एक वर्ष की यात्रा पूरी होने पर संगठन की ओर से किए गए कार्यों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण कार्यकारिणी के समक्ष रखा। अध्यक्ष रिंकू प्रवीण वर्मा ने बताया कि वर्तमान में आगरा सहित प्रदेश के करीब पांच जिलों के 500 से अधिक कलाकार गिल्ड से जुड़कर कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने प्रदेश सरकार से कलाकारों के हित और कल्याण के लिए विशेष कलाकार कल्याण बोर्ड गठित करने की मांग की। वेडिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने कहा कि प्रयास होना चाहिए कि कलाकारों को हर मंच पर उचित सम्मान और उचित मानदेय मिले।

गिल्ड के सचिव रोहन सिंह, अनिल वर्मा, निधि सोनी और साहिल चौहान ने सभी को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में प्रमुख भूमिका ललित शर्मा, योगेश शर्मा, अनूप सिंह, अपूर्व सिंह और श्रीकांत ने निभाई।

समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में वेडिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन के उपाध्यक्ष पंकज गोयल और सौरभ सिंघल संस्था के एडमिनिस्ट्रेटर अनिल सविता सहित बड़ी संख्या में कलाकार उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor