रक्षाबंधन पर भुजरियां मेलों की धूम, बोदला में 50 साल पुरानी परंपरा जीवंत; पचकुइयां में कल से सजेगा प्राचीन मेला

आगरा। रक्षाबंधन के अवसर पर आगरा में भुजरियां मेलों की पुरानी परंपरा जीवंत हो उठी। बोदला में बाबा भोलेनाथ दियालेश्वर मेला समिति की ओर से तीन दिवसीय भुजरियां मेले का शुभारंभ हुआ, जबकि पचकुइयां में 100 वर्ष से अधिक पुरानी परंपरा के तहत दो दिवसीय मेले की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दोनों मेलों में लोक संस्कृति, पारिवारिक मेल-मिलाप, गीत-संगीत, खान-पान और खरीदारी के साथ भारतीय परंपराओं और आपसी सद्भाव की झलक देखने को मिलेगी।

Aug 28, 2026 - 20:40
 0
रक्षाबंधन पर भुजरियां मेलों की धूम, बोदला में 50 साल पुरानी परंपरा जीवंत; पचकुइयां में कल से सजेगा प्राचीन मेला
बोदला में शुक्रवार को लगे भुजरियां मेले का उद्घाटन करते कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय।

बोदला में 50 साल पुरानी भुजरियां मेले की परंपरा फिर जीवंत, कल रसिया की प्रस्तुतियां

बाबा भोलेनाथ दियालेश्वर मेला समिति की ओर से रक्षाबंधन पर बोदला में आयोजित तीन दिवसीय भुजरियां मेले का धूमधाम से शुभारंभ हुआ। बोदला चौराहे पर कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, विशिष्ट अतिथि भाजपा नेता लाल सिंह लोधी और पार्षद मीनाक्षी वर्मा ने फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया।

मेला समिति के अध्यक्ष मुकेश राजपूत, महासचिव अमरेन्द्र सिंह राजा और कोषाध्यक्ष सुनील तोमर ने बताया कि तीन दिनों तक चलने वाले मेले में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के लिए मनोरंजन की व्यवस्था की गई है। रंग-बिरंगी दुकानों और आकर्षक स्टॉलों के साथ विभिन्न प्रकार के झूले लगाए गए हैं। बच्चों के लिए खिलौने और मनोरंजन के साधन तथा महिलाओं और परिवारों के लिए खरीदारी के स्टॉल आकर्षण का केंद्र बने हैं।

आज से रसिया की रंगारंग प्रस्तुतियां

मीडिया प्रभारी पुष्पेंद्र गोस्वामी ने बताया कि मेले में दो दिनों तक रसिया कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। भीड़ और यातायात को देखते हुए प्रशासन की ओर से वाहनों के सुचारू आवागमन के लिए रूट डायवर्जन किया गया है।

इस अवसर पर रमेश चन्द राजपूत, पूरन पंडित, राधेश्याम काका, अशोक तोमर, अर्जुन सिंह, सतीश कुशवाहा, हैप्पी तोमर, केशव कुशवाह, रतन सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

पचकुइयां में भुजरियां मेला कल से

पचकुइयां में लगने जा रहे भुजरियां मेले के लिए की गई सजावट की एक झलक। 

भुजरिया मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष मुनेन्द्र जादौन ने बताया कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी पचकुइयां के प्राचीन भुजरियां मेले का आयोजन धूमधाम से किया जा रहा है। मेले का शुभारंभ 29 अगस्त को शाम 6:30 बजे किया जाएगा। यह भुजरिया मेला 100 वर्ष से भी अधिक पुराना है।

पचकुइयां चौराहे पर क्षेत्रीय बाजार कमेटी की ओर से दो दिवसीय मेले का आयोजन किया जाता है। मेले में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ती है। अध्यक्ष मुनेन्द्र जादौन ने कहा कि यह मेला परस्पर सद्भाव और सामाजिक एकता का संदेश देने के साथ भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण का माध्यम भी बना हुआ है।

इस बार भी पचकुइयां व्यवसाय समिति की ओर से मेले की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। चौराहे पर दुकान और आसपास के भवनों को लाइटों से सजाया गया है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विभिन्न धार्मिक झांकियां, गीत-संगीत प्रस्तुतियां होंगी। इसके अलावा खान-पान, खेल-तमाशे और खिलौनों की दुकानें भी लगेंगी। आकर्षक सजावट और सांस्कृतिक कार्यक्रम मेले को विशेष रंग देंगे।

SP_Singh AURGURU Editor