सांसद नवीन जैन का भाजपाइयों ने उल्लास से मनाया जन्मदिन, 101 किलो की माला, चांदी का मुकुट और गदा-फरसे से स्वागत

आगरा। राज्यसभा सांसद एवं आगरा के पूर्व महापौर नवीन जैन का जन्मदिन कमला नगर स्थित उनके आवास पर भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और समर्थकों ने जोशीले अंदाज में मनाया। वाल्मीकि समाज ने उन्हें 101 किलो की माला पहनाकर गदा और फरसा भेंट किया, जबकि ब्राह्मण नेता नागेश पंडित और भाजपा महानगर महामंत्री नीतेश शिवहरे के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने 151 किलो गेंदे के फूलों की माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया। चांदी के मुकुट, गदा, फरसे, तलवार और विशाल मालाओं से हुए स्वागत के बीच देर रात तक बधाइयों का सिलसिला चलता रहा। इस दौरान ढोल-नगाड़ों की गूंज भी सुनाई देती रही।

Oct 14, 2026 - 22:23
 0
सांसद नवीन जैन का भाजपाइयों ने उल्लास से मनाया जन्मदिन, 101 किलो की माला, चांदी का मुकुट और गदा-फरसे से स्वागत
सांसद नवीन जैन के जन्मदिन पर गदा देकर स्वागत करते लोग।

सुबह से देर रात तक लगा रहा बधाई देने वालों का तांता

सांसद नवीन जैन के आवास पर भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों और शुभचिंतकों के पहुंचने का सिलसिला सुबह से ही शुरू हो गया। निर्धारित समय के बाद भी लोगों का आना जारी रहा और देर रात तक जन्मदिन की बधाइयां देने वालों की भीड़ जुटी रही।

वाल्मीकि समाज ने 101 किलो की माला पहनाकर किया अभिनंदन

समारोह में वाल्मीकि समाज की ओर से विशेष स्वागत किया गया। समाज के सफाई कर्मचारियों ने अपने पूर्व महापौर और वर्तमान राज्यसभा सांसद नवीन जैन का अभिनंदन किया। इसके बाद वाल्मीकि महापंचायत की ओर से उन्हें गदा और फरसा भेंट किया गया तथा 101 किलो की विशाल माला पहनाकर सम्मानित किया गया।

151 किलो गेंदे के फूलों की माला से भी हुआ स्वागत

ब्राह्मण नेता नागेश पंडित और भाजपा महानगर महामंत्री नीतेश शिवहरे के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने नवीन जैन को 151 किलो गेंदे के फूलों की विशाल माला पहनाई। विभिन्न संगठनों और समर्थकों ने भी मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया। कई संस्थाओं की ओर से 51-51 किलो की मालाएं भेंट की गईं। चांदी के मुकुट, गदा, फरसे और तलवार सहित पारंपरिक प्रतीकों से हुए सम्मान के बीच समर्थकों का उत्साह देखते ही बना।

सभी सामाजिक वर्गों की भागीदारी से दिखी व्यापक उपस्थिति

जन्मदिन समारोह में ओबीसी समाज, अनुसूचित समाज, अल्पसंख्यक समाज, महिला संगठनों और युवा वर्ग के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ नवीन जैन के सहयोगियों और शुभचिंतकों की भी बड़ी संख्या में मौजूदगी रही। सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने उन्हें जन्मदिन की बधाई देते हुए स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।

आगरा दिगंबर जैन परिषद, क्षत्रिय महासभा, स्वर्णकार समिति, जनकपुरी कमेटी, ब्राह्मण परिषद, अग्रवाल महासभा, रामलीला कमेटी, अग्रवाल संगठन, जैसवाल जैन महासभा, हरि बोल सेवा समिति, बजाज कमेटी, वाल्मीकि महापंचायत और लीडर्स आगरा सहित अनेक संस्थाओं के प्रतिनिधि बधाई देने पहुंचे।

समारोह के दौरान ढोल-नगाड़ों और जोशीले गीतों पर कार्यकर्ता उत्साह के साथ झूमते नजर आए। स्वागत-सम्मान और बधाइयों के बीच नवीन जैन समर्थकों से मिलते रहे।

जन्मदिन समारोह के बीच जनसेवा से जुड़ा एक प्रसंग भी सामने आया। कुछ फरियादी अपनी समस्याएं लेकर नवीन जैन के पास पहुंचे तो उन्होंने चल रहे कार्यक्रम को बीच में रोककर उनकी बातें सुनीं और मदद के लिए पहल की। उन्होंने वहां आए लोगों को जलपान भी कराया।

बच्चों ने गाया जन्मदिन गीत, आइसक्रीम और चॉकलेट खिलाकर जताया स्नेह

समारोह में बच्चों का स्नेह भी आकर्षण का केंद्र रहा। छोटे-छोटे बच्चों ने नवीन जैन को अंकल कहकर संबोधित करते हुए जन्मदिन का गीत गाया और शुभकामनाएं दीं। बच्चों के इस आत्मीय व्यवहार से अभिभूत नवीन जैन ने अपने सुपुत्र वैभव जैन से कहकर बच्चों को आइसक्रीम और चॉकलेट खिलवाई तथा उनका आभार व्यक्त किया।

भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने दी शुभकामनाएं

जन्मदिन समारोह में भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े प्रमुख लोग मौजूद रहे। इनमें भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता, प्रदेश मंत्री एवं एमएलसी विजय शिवहरे, महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, विधायक डॉ. जीएस धर्मेश, लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग, अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व अध्यक्ष अशफाक सैफी, सफाई आयोग के पूर्व सदस्य कमल वाल्मीकि, एससी आयोग के सदस्य दिनेश भारत, पूर्व सांसद प्रभु दयाल कठेरिया, पूर्व मंत्री उदयभान सिंह और पूर्व मंत्री रामबाबू हरित प्रमुख रहे।

इनके अलावा पूर्व विधायक जितेंद्र वर्मा, खेरागढ़ ब्लॉक प्रमुख आशीष शर्मा, चेयरमैन सुधीर गर्ग, वक्फ बोर्ड के निदेशक गुलाम मोहम्मद, जेडी शर्मा, ब्रज क्षेत्र उपाध्यक्ष यादवेंद्र प्रताप सिंह, ब्रज क्षेत्र युवा मोर्चा अध्यक्ष एवं भाजपा क्षेत्रीय मंत्री मनीष गौतम, पिछड़ा वर्ग मोर्चा ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष नवीन प्रजापति, पूर्व जिलाध्यक्ष श्याम भदौरिया, वरिष्ठ नेता उपेंद्र सिंह, पूर्व क्षेत्रीय महामंत्री हेमेंद्र शर्मा और पूर्व डीजीसी क्राइम वसंत गुप्ता भी मौजूद रहे।

भाजपा महानगर उपाध्यक्ष नवीन गौतम, जिला महामंत्री सत्यदेव दुबे, महानगर उपाध्यक्ष दीपू जादौन, निधि शर्मा, महामंत्री महेश शर्मा, मुनेंद्र जादौन, महानगर मंत्री करुणा निधि गर्ग, महानगर उपाध्यक्ष मनमोहन कुशवाहा और महानगर मंत्री नेहा गुप्ता ने भी समारोह में सहभागिता की।

SP_Singh AURGURU Editor