कुत्तों को खाना खिलाने पर कैफे संचालक का सिर फोड़ा, एफआईआर न लिखने पर डीसीपी कार्यालय पहुंचे पशु प्रेमी

आगरा। सिकंदरा के भावना एस्टेट में कैफे के सामने कुत्तों को खाना खिलाने के विवाद में कैफे संचालक रवि चतुर्वेदी पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगा है। पीड़ित का आरोप है कि मारपीट में उनका सिर फोड़ दिया गया और कैफे में एक लाख रुपये से अधिक का नुकसान पहुंचाया गया। सिकंदरा थाने में एफआईआर दर्ज न होने पर कैस्पर्स होम, पीएफए और एसपीसीए के सदस्यों के साथ उन्होंने डीसीपी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। वहां मामले में एफआईआर दर्ज करने का आश्वासन दिया गया।

Oct 14, 2026 - 19:50
 0
कुत्तों को खाना खिलाने पर कैफे संचालक का सिर फोड़ा, एफआईआर न लिखने पर डीसीपी कार्यालय पहुंचे पशु प्रेमी
हमले की एफआईआर कराने के लिए डीसीपी कार्यालय के बाहर मौजूद पशु प्रेमी।

प्रार्थना पत्र के अनुसार, रवि चतुर्वेदी पुत्र स्वर्गीय सतीश चंद्र चतुर्वेदी निवासी ए-314, राम रघु आनंदा फेज-2, आगरा का भावना एस्टेट स्थित अपनी सोसायटी के सामने टी-पॉइंट पर कैफे है। उनका आरोप है कि कुछ लोग वहां पहुंचे और कुत्तों को खाना खिलाने को लेकर उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इस दौरान उनके सिर में चोट आई और कैफे की संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया गया।

जानलेवा हमले की बात हटाने का दबाव बनाने का आरोप

रवि चतुर्वेदी का आरोप है कि घटना के बाद जब वह सिकंदरा थाने पहुंचे तो पुलिस ने जानलेवा हमले का उल्लेख किए बिना एफआईआर लिखवाने की बात कही। पीड़ित ने इसका विरोध करते हुए मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की। इसके बाद उन्होंने पशु कल्याण से जुड़े संगठनों के सदस्यों के साथ डीसीपी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।

प्रार्थना पत्र में मोनू यादव, जीतू यादव उर्फ अन्ना और रामू यादव सहित कुछ लोगों के नाम दर्ज किए गए हैं। पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उनके साथ बर्बरता से मारपीट की, गाली-गलौज की और कैफे में तोड़फोड़ कर संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने नुकसान का अनुमान एक लाख रुपये से अधिक बताया है।

सीसीटीवी फुटेज होने का दावा, परिवार की सुरक्षा मांगी

पीड़ित ने घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध होने का दावा किया है। उनका यह भी आरोप है कि घटना के बाद उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है और दोबारा मारपीट करने की धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और अपनी तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

प्रार्थना पत्र में निजी संपत्ति में अनधिकृत प्रवेश, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, जान से मारने के प्रयास, आपराधिक धमकी और अन्य संबंधित आरोपों में कार्रवाई की मांग की गई है। इसमें कुत्तों को नुकसान पहुंचाने से संबंधित आरोप का भी उल्लेख किया गया है।

पशु कल्याण संगठनों ने सौंपा ज्ञापन

पीड़ित के समर्थन में डीसीपी कार्यालय पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में एसपीसीए से कैस्पर्स होम की संचालिका विनीता अरोरा, पीएफए से ऋचा गुप्ता और राम अवतार, एसपीसीए से विनोद गर्ग आचार्य, कैस्पर्स होम से सुरेखा पसरीचा और के. बग्गा शामिल रहे। इनके अलावा पीड़ित रवि चतुर्वेदी, गीता चतुर्वेदी तथा हाथरस एसपीसीए से दिव्यांश शर्मा और अलीशा शर्मा मौजूद थे।

प्रतिनिधिमंडल ने मामले में एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। डीसीपी कार्यालय में एफआईआर दर्ज करने का आश्वासन मिलने के बाद कार्रवाई की उम्मीद जताई गई।

SP_Singh AURGURU Editor