108 रुद्राभिषेक की पूर्णाहुति पर श्रीखाटू श्याम जी मंदिर में गूंजा हर-हर महादेव, सावन पूर्णिमा की महाआरती में उमड़ा आस्था का सैलाब

आगरा। जीवनी मंडी परिसर स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर के श्री श्यामेश्वर महादेव मंदिर में एक माह से चल रहे 108 रुद्राभिषेक अनुष्ठान की सावन पूर्णिमा के पावन अवसर पर विधि-विधान और भक्तिभाव के साथ पूर्णाहुति हुई। इस अवसर पर विशेष महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। घंटा-घड़ियाल, शंखनाद और भगवान शिव के जयघोष से मंदिर परिसर देर तक भक्तिमय रहा। वहीं सावन पूर्णिमा पर बाबा श्याम का श्वेत पुष्पों से विशेष श्रृंगार किया गया, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

Aug 28, 2026 - 19:05
 0
108 रुद्राभिषेक की पूर्णाहुति पर श्रीखाटू श्याम जी मंदिर में गूंजा हर-हर महादेव, सावन पूर्णिमा की महाआरती में उमड़ा आस्था का सैलाब
श्री खाटू श्याम जी मंदिर, जीवनी मंडी स्थित श्री श्यामेश्वर महादेव मंदिर में सावन पूर्णिमा के अवसर पर रुद्राभिषेक करते मुख्य ट्रस्टी हेमेंद्र अग्रवाल एवं सीमा अग्रवाल।

सावन मास के प्रारंभ से ही श्री श्यामेश्वर महादेव मंदिर में प्रतिदिन भगवान शिव का रुद्राभिषेक कराया जा रहा था। श्रद्धालुओं ने पूरे सावन माह जल, दूध, दही, घी, शहद सहित विभिन्न पूजन सामग्रियों से भगवान शिव का अभिषेक कर सुख-समृद्धि, आरोग्य और परिवार की मंगलकामना की। सावन पूर्णिमा पर इस धार्मिक अनुष्ठान का विधिवत समापन विशेष महाआरती के साथ हुआ।

समापन अवसर पर मंदिर के मुख्य ट्रस्टी हेमेंद्र अग्रवाल एवं सीमा अग्रवाल ने विधि-विधान के साथ महा रुद्राभिषेक किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का अभिषेक संपन्न हुआ। इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालु हर-हर महादेव और जय भोलेनाथ के जयकारे लगाते रहे। पंडित मुकेश शर्मा और अनंत उपाध्याय ने विधि-विधान से पूजन संपन्न कराया।

मंदिर के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि सावन महोत्सव के अंतर्गत विगत एक माह से प्रतिदिन रुद्राभिषेक का आयोजन किया जा रहा था। सावन का महीना भगवान शिव की आराधना के लिए विशेष महत्व रखता है। इसी धार्मिक भावना के साथ पूरे सावन माह श्रद्धालुओं को भगवान शिव की आराधना और रुद्राभिषेक से जोड़ने का प्रयास किया गया। उन्होंने बताया कि 108 रुद्राभिषेक की पूर्णाहुति के अवसर पर विशेष महाआरती आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए।

श्वेत पुष्पों से सजे बाबा श्याम

सावन पूर्णिमा के अवसर पर बाबा श्याम का विशेष रूप से श्वेत पुष्पों से श्रृंगार किया गया। सफेद पुष्पों से सजे बाबा श्याम का दिव्य और मनोहारी स्वरूप श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। बाबा श्याम के दर्शन के लिए मंदिर में भक्तों की भीड़ रही। श्वेत पुष्पों की मनमोहक सजावट और दीपों की रोशनी से मंदिर परिसर का वातावरण आध्यात्मिक और आकर्षक नजर आया।

महाआरती में गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे

सावन पूर्णिमा की विशेष महाआरती में श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से भाग लिया। घंटा-घड़ियाल और शंखनाद के बीच भगवान श्यामेश्वर महादेव एवं बाबा श्याम की आरती उतारी गई। आरती के दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव, जय भोलेनाथ और बाबा श्याम के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव और बाबा श्याम से परिवार की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर संजय अग्रवाल, अमित गोयल, विपिन बंसल, विकास गोयल आदि उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor