बरेली-शाहजहांपुर समेत पांच रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता अभियान, युवाओं को बताया कचरा प्रबंधन का तरीका

-आरके सिंह- बरेली। उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल में स्वच्छता पखवाड़ा 2026 और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट (एसडब्ल्यूएम)-2026 के तहत बरेली, शाहजहांपुर समेत पांच रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता जागरूकता अभियान और रेल युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। यात्रियों, युवाओं और रेलवे कर्मचारियों को सिंगल यूज प्लास्टिक के नुकसान, चार रंगों के डस्टबिन से कचरा पृथक्करण और स्टेशन परिसर को स्वच्छ रखने के प्रति जागरूक किया गया।

Oct 15, 2026 - 21:15
 0
बरेली-शाहजहांपुर समेत पांच रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता अभियान, युवाओं को बताया कचरा प्रबंधन का तरीका
बरेली, शाहजहांपुर समेत पांच रेलवे स्टेशनों पर चलाए गए स्वच्छता जागरूकता अभियान और रेल युवा संवाद कार्यक्रम की एक झलक।

उत्तर रेलवे, मुरादाबाद मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए यात्रियों और कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। अभियान के दौरान लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक से पर्यावरण को होने वाले नुकसान की जानकारी दी गई और इसके इस्तेमाल से बचने की अपील की गई।

चार रंगों के डस्टबिन से कचरा पृथक्करण की जानकारी

बरेली और शाहजहांपुर रेलवे स्टेशनों पर आयोजित रेल युवा संवाद कार्यक्रमों में ठोस कचरा प्रबंधन के तहत कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में रखने का महत्व समझाया गया। प्रतिभागियों को चार अलग-अलग रंगों के डस्टबिन के उपयोग और निर्धारित श्रेणी के अनुसार उनमें कचरा डालने की जानकारी दी गई। गीले और सूखे कचरे को अलग रखने के साथ स्टेशन परिसर में गंदगी नहीं फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रमों के दौरान युवाओं और यात्रियों से स्वच्छता व्यवस्था तथा रेलवे की यात्री सुविधाओं के संबंध में सुझाव और प्रतिक्रियाएं भी प्राप्त की गईं। स्वच्छता और रेल सेवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर संवाद कर यात्रियों को सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

चंदौसी, ऋषिकेश और देहरादून में भी जागरूकता कार्यक्रम

स्वच्छता पखवाड़ा और एसडब्ल्यूएम-2026 के तहत चंदौसी, योग नगरी ऋषिकेश और देहरादून रेलवे स्टेशनों पर भी विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

चंदौसी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों से पेयजल, बैठने की व्यवस्था, प्रतीक्षालय, शौचालयों की साफ-सफाई और अन्य यात्री सुविधाओं के संबंध में सुझाव एवं प्रतिक्रियाएं ली गईं। इसका उद्देश्य यात्रियों की जरूरतों को समझकर सुविधाओं में सुधार करना है।

योग नगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन पर मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक ने स्टॉल वेंडर्स, साइड पेंट्री कार वेंडर्स और रेल सफाई मित्रों को स्वच्छता नियमों तथा कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक किया। उन्हें स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाए रखने और कचरे का उचित निस्तारण करने के लिए प्रेरित किया गया।

देहरादून स्टेशन पर भी जागरूकता अभियान चलाया गया। यहां स्टेशन फूड ऑपरेटर्स, रेल सफाई मित्रों और यात्रियों को आधुनिक यात्री सुविधाओं की जानकारी देने के साथ कचरे के उचित निस्तारण और चार रंगों के डस्टबिन के इस्तेमाल के बारे में बताया गया।

स्वच्छ और व्यवस्थित स्टेशन बनाने पर जोर

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इन कार्यक्रमों का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण बनाए रखना, सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल को हतोत्साहित करना तथा कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन को बढ़ावा देना है। यात्रियों से प्राप्त सुझावों के माध्यम से यात्री सुविधाओं में निरंतर सुधार करने पर भी जोर दिया जा रहा है। रेलवे ने स्वच्छता अभियान को प्रभावी बनाने के लिए यात्रियों, युवाओं, कर्मचारियों और स्टेशन से जुड़े सेवा प्रदाताओं की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।

SP_Singh AURGURU Editor