आगरा के पिनाहट कस्बे में कुत्ते के हमले में बुजुर्ग महिला गंभीर घायल, सिर और शरीर पर किए गहरे घाव
पिनाहट (आगरा)। कस्बा पिनाहट में मंगलवार सुबह मंदिर जा रही 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर एक कुत्ते ने हमला कर दिया। कुत्ते ने महिला के सिर और शरीर के पिछले हिस्से पर कई गहरे घाव कर दिए। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह कुत्ते से उसे बचाया। गंभीर हालत में महिला को सीएचसी पिनाहट ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे आगरा रेफर कर दिया।
कस्बा पिनाहट के मोहल्ला पूरनपुरा निवासी भगवान देवी (60 वर्ष) मंगलवार सुबह करीब आठ बजे अपने घर से मंदिर के महंत को दूध देने जा रही थीं। रास्ते में एक पालतू कुत्ते ने अचानक उन पर हमला कर दिया। कुत्ते ने महिला को गिराकर सिर और पीछे के हिस्से में कई जगह काट लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
महिला के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे और कुत्ते को भगाकर महिला की जान बचाई। हमले में घायल भगवान देवी को उनके परिजन तत्काल सीएचसी पिनाहट लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए आगरा रेफर कर दिया।
घटना के बाद महिला के बेटे सत्यप्रकाश ने पिनाहट थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि हमलावर कुत्ता पड़ोस में रहने वाले व्यक्ति का पालतू है और वह पहले भी कई लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर चुका है।