फतेहपुरसीकरी लोस क्षेत्र को 47.68 करोड़ की सौगात, 37 ग्रामीण सड़कों के निर्माण को मिली मंजूरी
फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र की पांचों विधानसभा सीटों में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत करीब 47.68 करोड़ रुपये की लागत से 56 किलोमीटर लंबी 37 ग्रामीण सड़कों के नवनिर्माण को मंजूरी मिली है। फतेहपुर सीकरी में 8, बाह में 6, खेरागढ़ में 6, फतेहाबाद में 9 और आगरा ग्रामीण में 8 सड़क परियोजनाएं स्वीकृत हुई हैं। सांसद राजकुमार चाहर ने इसे ग्रामीण विकास की दिशा में बड़ी उपलब्धि बताते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया है। परियोजनाएं पूरी होने पर गांवों की कनेक्टिविटी, किसानों की आवाजाही और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
पांचों विधानसभा क्षेत्रों में 56 किलोमीटर सड़कों का होगा नवनिर्माण, हजारों ग्रामीण परिवारों को मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी
आगरा। सांसद राजकुमार चाहर के प्रयासों से फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों के लिए बड़ी विकास सौगात मिली है। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत लोकसभा क्षेत्र की पांचों विधानसभाओं फतेहपुर सीकरी, बाह, खेरागढ़, फतेहाबाद और आगरा ग्रामीण में करीब 47 करोड़ 68 लाख रुपये की लागत से 37 महत्वपूर्ण ग्रामीण सड़कों के नवनिर्माण को स्वीकृति प्रदान की गई है। इन परियोजनाओं के तहत करीब 56 किलोमीटर लंबी ग्रामीण सड़कों का निर्माण कराया जाएगा।
सड़कों के निर्माण से गांवों की मुख्य मार्गों से कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों और ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। बरसात और खराब मौसम में जिन ग्रामीण मार्गों पर आवागमन मुश्किल होता है, वहां बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध होने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी।
सांसद राजकुमार चाहर ने जताया मुख्यमंत्री का आभार
फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर ने सड़क परियोजनाओं को मंजूरी मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क मजबूत होना सीधे तौर पर विकास से जुड़ा है। सड़कें बेहतर होने से किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने, विद्यार्थियों को विद्यालय और कॉलेज जाने तथा व्यापारियों और आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में फतेहपुर सीकरी संसदीय क्षेत्र में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। स्वीकृत सड़क परियोजनाएं ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को मजबूत करने के साथ गांवों में विकास की नई संभावनाओं का रास्ता खोलेंगी। सांसद ने इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया।
फतेहपुर सीकरी विधानसभा क्षेत्र में आठ सड़क परियोजनाएं
फतेहपुर सीकरी विधानसभा क्षेत्र में आठ मार्गों के नवनिर्माण को स्वीकृति मिली है। इनमें बैमन से टीकरी, कचौरा मार्ग से बिजलीघर वाले रास्ते, कचौरा से अच्छनेरा-फरह मार्ग, लोहकोरा से सिकंदरा रजवाह, रसूलपुर से सहता और सरसा से मलिकपुर मार्ग शामिल हैं। इसके अलावा फतेहपुर सीकरी रजवाह से गढ़ीमा मंदिर तक नाले की पटरी पर मार्ग निर्माण और जोताना से मंदिर मार्ग का नवनिर्माण भी कराया जाएगा।
बाह विधानसभा क्षेत्र में छह मार्गों का होगा निर्माण
बाह विधानसभा क्षेत्र में छह ग्रामीण मार्गों को मंजूरी दी गई है। इनमें पिनाहट-विजयगढ़ी मार्ग से गोपालपुर दयाछापुरा, चौगांहदार से सार्वजनिक इंटर कॉलेज होते हुए बाह कैंजरा, केजेए मार्ग से करनपुरा होते हुए चौकीनपुरा तथा रेहा की ग्राम पंचायत में चकोरई संख्या 780 से जगतपुरा मार्ग शामिल हैं। इसके साथ बाह-आगरा एबीके मार्ग से प्राथमिक विद्यालय बुढ़ियापुरा और बिठौली से साइकिल ट्रैक होते हुए गुलाब की गढ़ी तक मार्ग का नवनिर्माण किया जाएगा।
खेरागढ़ में राजस्थान बॉर्डर तक मजबूत होगी सड़क कनेक्टिविटी
खेरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में छह सड़कों के निर्माण को मंजूरी मिली है। इनमें अमरपुरा से राजस्थान बॉर्डर तक का मार्ग भी शामिल है। इसके अलावा खेरागढ़-लखनपुरा मार्ग से नगला संथाल, बुरेहरा से नगला उदैया और सीएटी मार्ग मेवली बांध से नगला खोखलिया एवं शाहपुर तक सड़क बनाई जाएगी। ब्लॉक सैंया में खेरिया से भूमिया बाबा मंदिर होते हुए नयापुरा तथा कटरा से नगला हरलाल तक मार्ग का भी नवनिर्माण होगा।
फतेहाबाद विस क्षेत्र को नौ सड़कों की सौगात
फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक नौ ग्रामीण मार्गों के निर्माण को स्वीकृति मिली है। इनमें भदोरा नगर मार्ग से चरणसिंह की गढ़ी और मेवाराम का पुरा, वरना माई मार्ग से शीतला माता मंदिर, मुसेपुरा से हीरालाल की गढ़ी होते हुए रेपुरा मार्ग तथा पिण्डशी नगला शादी रोड से गायत्री उच्च माध्यमिक विद्यालय होते हुए प्राचीन नगला मुक्का मार्ग शामिल हैं। इसके अलावा पक्कापुरा दुहारी मार्ग से आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे, बड़ोबरा कला से कुकथपुर, रिहावली से राजेंद्र बघेल की गढ़ी होते हुए जरारी तथा वरना तावली से टिहावली वाया प्राचीन टिहावली मार्ग का निर्माण कराया जाएगा। पल्टूपुरा मार्ग से गढ़ बहादुर, गढ़ मानिकचंद, गढ़ गणपति, गढ़ मायाराम और गढ़ द्वारकाप्रसाद शिवदत्त की गढ़ी तक सड़क का भी नवनिर्माण प्रस्तावित है।
आगरा ग्रामीण में आठ मार्ग होंगे पक्के
आगरा ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में आठ सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इनमें भांडई से नगला दौलतिया, कुंडौल-कबीस मार्ग से गढ़ करूआ, गढ़ दुर्गा होते हुए ललवारा, अडूपुरा मोड़ से बतीसा होकर सबला समोगर तथा मिडाकुर से सकतपुर मार्ग शामिल हैं। इसके साथ गामरी सैयद पुलिया से चामुंडा देवी और कमल सिंह के मकान तक, कबीस तनौरा मार्ग से सुल्तानपुर होते हुए सबखेड़ा, बुदाना मार्ग से करमना तल्फी और अजीजपुर में सिरौली मार्ग से श्मशान घाट होते हुए रूपा मार्ग तथा श्री केदार सिंह लोधी के मकान तक सड़क का नवनिर्माण किया जाएगा।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगी रफ्तार
इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र के गांवों की सड़क कनेक्टिविटी में महत्वपूर्ण सुधार होने की उम्मीद है। बेहतर सड़कों से ग्रामीणों को बाजार, स्कूल, अस्पताल, सरकारी कार्यालय और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा होगी। किसानों के लिए भी सड़क संपर्क महत्वपूर्ण साबित होगा। खेतों से कृषि उपज को मंडियों और स्थानीय बाजारों तक पहुंचाने में समय और परिवहन लागत कम हो सकती है। वहीं गांवों में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने से स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होने की संभावना है। सड़क परियोजनाओं की स्वीकृति को क्षेत्र के ग्रामीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। परियोजनाओं के धरातल पर उतरने के बाद पांचों विधानसभा क्षेत्रों के हजारों ग्रामीण परिवारों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलने की उम्मीद है।