जंगल में सज रही थी जुए की महफिल, सिकंदरा पुलिस ने मारा छापा, 8 जुआरी गिरफ्तार
आगरा में जुआ खेलने और अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार के निर्देशन में सिकंदरा थाना पुलिस ने जुआरियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हार-जीत की बाजी लगा रहे आठ युवकों को गिरफ्तार किया है।
आगरा। आगरा में जुआ खेलने और अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार के निर्देशन में सिकंदरा थाना पुलिस ने जुआरियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हार-जीत की बाजी लगा रहे आठ युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपी एक सुनसान स्थान पर बैठकर ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे थे। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए सभी आठ युवकों को मौके से दबोच लिया।
बताया गया है कि रामलाल वृद्ध आश्रम के पीछे स्थित जंगल में जुआरियों की महफिल सजी हुई थी। आरोपी यहां हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे थे। पुलिस को इसकी सूचना मिलने के बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 50,200 रुपये की नगदी और 52 ताश के पत्ते बरामद किए हैं। अचानक हुई पुलिस कार्रवाई से मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। सिकंदरा पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पुलिस कमिश्नर के निर्देशन में अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। सार्वजनिक और सुनसान स्थानों पर जुआ खेलने तथा कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर पुलिस की नजर रखी जा रही है।