आगरा के ईदगाह कॉलोनी जैन मंदिर में 15 अक्टूबर से होगा जिन सहस्रनाम महामंडल विधान
आगरा। ओल्ड ईदगाह कॉलोनी स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन पंचायती मंदिर में बुधवार को मुनि श्री 108 समत्वसागर जी महाराज, मुनि श्री शीलसागर जी महाराज और मुनि श्री सुप्रभातसागर जी महाराज ससंघ का मंगल प्रवेश हुआ। इस अवसर पर मंदिर परिसर गुरुदेव के जयकारों से गूंज उठा। मुनि संघ के सान्निध्य में 15 से 19 अक्टूबर तक श्री जिन सहस्रनाम महामंडल विधान का आयोजन होगा।
मुनि संघ का मंगल विहार राहुल विहार स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर से बैंड-बाजों के साथ शुरू हुआ। ओल्ड ईदगाह कॉलोनी स्थित मंदिर पहुंचने पर जैन समाज के लोगों ने भावपूर्ण अगवानी कर गुरुदेव का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान पूरा परिसर भक्तिमय हो गया।
मंगल प्रवेश के बाद मुनि श्री ने मंदिर में विराजमान अतिशयकारी भगवान पार्श्वनाथ के दर्शन किए। इसके उपरांत श्रद्धालुओं को मंगल प्रवचन देते हुए धर्म, शांति, संयम और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उन्होंने जीवन को श्रेष्ठ बनाने के लिए धर्म के सिद्धांतों को अपनाने और आध्यात्मिक मूल्यों को आत्मसात करने का संदेश दिया।
15 अक्टूबर को निकलेगी विशाल घटयात्रा
मीडिया प्रभारी शुभम जैन ने बताया कि मुनि श्री समत्वसागर जी महाराज ससंघ के मंगल सान्निध्य में 15 से 19 अक्टूबर तक श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन पंचायती मंदिर, ओल्ड ईदगाह कॉलोनी में श्री जिन सहस्रनाम महामंडल विधान का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव के प्रथम दिन 15 अक्टूबर को सुबह सात बजे मंदिर परिसर से विशाल घटयात्रा निकाली जाएगी। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है और धार्मिक कार्यक्रमों की तैयारियां की जा रही हैं।
मंदिर समिति के सदस्य रहे मौजूद
इस अवसर पर मंदिर समिति के रिखबचंद जैन, अतुल जैन, अजित जैन, विजय जैन, विनय जैन, हेमंत जैन, राजकुमार जैन, अनिल जैन, सनी जैन, विकास जैन, चन्द्रदीप जैन, पंकज जैन, दीपक जैन, कपिल जैन, आशीष जैन, विनीत जैन, नितिन जैन, शुभम जैन, दीप्ति जैन, रेखा जैन, दीपा जैन और रेनू जैन सहित ओल्ड ईदगाह कॉलोनी जैन समाज के अनेक लोग मौजूद रहे।