मुनि समत्व सागर जी के सान्निध्य में जिन सहस्रनाम महामंडल विधान शुरू, घटयात्रा से गूंजा जैन मंदिर

आगरा। ओल्ड ईदगाह कॉलोनी स्थित पार्श्वनाथ दिगंबर जैन पंचायती मंदिर में गुरुवार को मुनिश्री समत्व सागर जी महाराज, मुनिश्री शीलसागर जी महाराज और मुनिश्री सुप्रभात सागर जी महाराज के ससंघ सान्निध्य में पांच दिवसीय श्री जिन सहस्रनाम महामंडल विधान का शुभारंभ हुआ। 15 से 19 अक्टूबर तक चलने वाले इस धार्मिक महोत्सव की शुरुआत भव्य घटयात्रा, ध्वजारोहण और पंडाल एवं समवशरण के उद्घाटन के साथ हुई। पहले दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेकर भगवान जिनेंद्र की आराधना की।

Oct 15, 2026 - 21:09
 0
मुनि समत्व सागर जी के सान्निध्य में जिन सहस्रनाम महामंडल विधान शुरू, घटयात्रा से गूंजा जैन मंदिर
ओल्ड ईदगाह कॊलोनी स्थित जैन मंदिर में गुरुवार को प्रारंभ हुए महामंडल विधान की एक झलक।

कार्यक्रम का शुभारंभ मंदिर परिसर से निकाली गई भव्य घटयात्रा के साथ हुआ। श्रद्धालु भक्तिभाव से इसमें शामिल हुए। घटयात्रा के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के बाद विधि-विधान और मंत्रोच्चार के बीच रूपेश जैन एवं सचिन जैन के परिवार ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद राजेंद्र एवं मनोज जैन के परिवार ने पंडाल का उद्घाटन किया, जबकि पंकज जैन एवं ममता जैन के परिवार ने समवशरण का उद्घाटन किया। इन मांगलिक क्रियाओं के साथ विधान महोत्सव की धार्मिक गतिविधियां शुरू हुईं।

पंडित विकर्ष जैन शास्त्री के निर्देशन में भगवान जिनेंद्र की प्रतिमाओं का अभिषेक और वृहद शांतिधारा संपन्न कराई गई। इसके बाद सरलीकरण, आचार्य निमंत्रण तथा पूजन-विधान की मांगलिक क्रियाएं विधि-विधान से संपन्न हुईं। श्रद्धालुओं ने भगवान जिनेंद्र की आराधना कर सुख-समृद्धि और विश्व शांति की मंगल कामना की।

विधान के अंतर्गत पहले दिन शाम 6:15 बजे वंडरफुल समाधान, शाम 7 बजे मंगल आरती और शाम 7:30 बजे से मिनी जैन एंड पार्टी द्वारा जिनभक्ति डांडिया एवं भक्ति संध्या का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने भक्ति और उल्लास के साथ कार्यक्रमों में सहभागिता की।

मीडिया प्रभारी सोनू जैन एवं शुभम जैन ने बताया कि पांच दिवसीय श्री जिन सहस्रनाम महामंडल विधान के दौरान प्रतिदिन विधि-विधान से धार्मिक अनुष्ठान होंगे। इसके साथ ही शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति और संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

इस अवसर पर महेंद्र इंद्र, कपिल-माया जैन, सनत इंद्र, आशीष-राखी जैन, ब्रह्मा इंद्र, तुषार-सीखी जैन, सौधर्म इंद्र, शुभम-शिखा जैन, कुबेर इंद्र, नमित-प्रगति जैन, महायज्ञ नायक शैंकी-महिमा जैन, यज्ञ नायक अतुल-रेनू जैन तथा ईशान इंद्र कमल-रिंकी जैन सहित मंदिर समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor