खारी नदी में भैंसों की मौत के बाद सांसद राजकुमार चाहर ने पीड़ित परिवारों को दिया मदद का भरोसा

किरावली क्षेत्र के ग्राम चैंकोरा में शनिवार को खारी नदी के समीप जलकुंभी में फंसने से 18 दुधारू भैंसों की मौत हो गई थी। हादसे में कमल बघेल की 12 और वीरेंद्र सिंह बघेल की 6 भैंसों की जान गई थी। रविवार को फतेहपुर सीकरी सांसद राजकुमार चाहर ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य का जायजा लिया और पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद तथा नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाने का भरोसा दिया। अब तक 8 मृत भैंसों को बाहर निकाला जा चुका है, जबकि शेष को निकालने के प्रयास जारी हैं।

Aug 30, 2026 - 15:24
 0
खारी नदी में भैंसों की मौत के बाद सांसद राजकुमार चाहर ने पीड़ित परिवारों को दिया मदद का भरोसा
घटनास्थल का निरीक्षण करते सांसद राजकुमार चाहर।

किरावली। क्षेत्र के ग्राम चैंकोरा में शनिवार को खारी नदी के समीप पशुओं को चराने के दौरान नदी में फैली जलकुंभी में फंसने से 18 दुधारू भैंसों की मौत हो गई थी। इस घटना से गांव में शोक और चिंता का माहौल है, वहीं प्रभावित पशुपालक परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। घटना की जानकारी मिलते ही फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर रविवार को मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्य की जानकारी ली और पीड़ित पशुपालक परिवारों से मुलाकात की। सांसद ने दुख की इस घड़ी में परिवारों को ढांढस बंधाते हुए हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।

सांसद राजकुमार चाहर ने बताया कि प्रशासनिक अधिकारियों, पीएसी टीम और ग्रामीणों के सहयोग से राहत एवं बचाव अभियान लगातार चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक 18 मृत भैंसों में से 8 को बाहर निकाला जा चुका है, जबकि नदी और जलकुंभी में फंसी शेष भैंसों को बाहर निकालने के लिए प्रयास जारी हैं।

इस दर्दनाक घटना में ग्राम चैंकोरा निवासी कमल बघेल की 12 दुधारू भैंसों की मौत हुई है, जबकि वीरेंद्र सिंह बघेल की 6 दुधारू भैंसें हादसे का शिकार हुई हैं। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में दुधारू पशुओं की मौत से दोनों पशुपालक परिवारों को गंभीर आर्थिक क्षति हुई है।

मौके पर मौजूद उपजिलाधिकारी किरावली, एसीपी अछनेरा, थाना पुलिस, पशु चिकित्सकों और अन्य संबंधित अधिकारियों को सांसद ने राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने पीड़ित परिवारों को शासन की ओर से नियमानुसार हर संभव आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि यह घटना पशुपालक परिवारों के लिए बेहद पीड़ादायक है। दुधारू पशु उनकी आजीविका का महत्वपूर्ण साधन होते हैं और इतनी बड़ी संख्या में पशुओं की मौत से परिवारों को गहरा आर्थिक आघात पहुंचा है।

उन्होंने पीड़ित परिवारों को भरोसा दिलाया कि सरकार की ओर से नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। सांसद ने कहा कि इस कठिन समय में प्रशासन और सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। फिलहाल प्रशासन, पीएसी और ग्रामीणों की मदद से नदी में राहत एवं बचाव कार्य जारी है। शेष मृत भैंसों को बाहर निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।