नीट-पीजी की परीक्षा रद्द,  राजस्‍थान में बवाल के बाद लिया फैसला,  नई डेट का ऐलान

 नीट पीजी परीक्षा में भी अव्यवस्था का मामला सामने आया है। परीक्षा के दौरान बिजली गुल हो गई, जिसके चलते एक केंद्र परीक्षा रद्द करनी पड़ी।

Aug 30, 2026 - 13:27
 0
नीट-पीजी की परीक्षा रद्द,  राजस्‍थान में बवाल के बाद लिया फैसला,  नई डेट का ऐलान

जयपुर। राजस्थान के जयपुर में नीट पीजी परीक्षा के दौरान बड़ी अव्यवस्था सामने आई है। सीतापुरा स्थित आईओएन डिजिटल जोन परीक्षा केंद्र पर ऐन परीक्षा के वक्त बिजली गुल हो जाने से हड़कंप मच गया। जिसके चलते इस सेंटर की परीक्षा रद्द कर दी गई है। अब इस केंद्र के परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा पांच सितंबर को होगी।
 
परीक्षा देने पहुंचे डॉक्टरों ने आरोप लगाया कि कंप्यूटर बार-बार बंद हुए, जिससे परीक्षा प्रभावित हुई। परीक्षा का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे निर्धारित था। उन्होंने आरोप लगाया कि दो घंटे की परीक्षा में करीब 10 बार बाधा पहुंची। इस दौरान सेंटर पर कोई अधिकारी नजर नहीं आया। छात्रों ने परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए पेपर लीक होने की आशंका भी जताई।

अभ्यर्थियों के अनुसार, परीक्षा सुबह नौ बजे की बजाए 10 बजे शुरू हो सकी। इसके बाद कंप्यूटर छह से सात बार बंद हुए।  छात्रों ने कहा कि कुछ कंप्यूटर्स पर दोबारा स्क्रीन शुरू होने के बाद तीन से चार सवाल दिखाई दिए, जबकि कुछ छात्रों के सिस्टम पर 5 से 6 सवाल आने के बाद फिर कंप्यूटर बंद हो गए।