डॊ. आंबेडकर विश्वविद्यालय में रोपे गए 600 से अधिक पौधे, पर्यावरण की रक्षा का संकल्प
आगरा। रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के महिला प्रकोष्ठ और महामना मालवीय मिशन, आगरा संभाग ने रक्षा-सूत्र के पर्व को प्रकृति संरक्षण से जोड़ते हुए पालीवाल पार्क परिसर में वृक्षारोपण एवं पौधा-वितरण कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में 600 से अधिक पौधे रोपे और वितरित किए गए। फलदार, पुष्पीय और औषधीय पौधों के रोपण के साथ लोगों को पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण तथा हरित एवं स्वच्छ आगरा के निर्माण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने पौधों की रक्षा और उनकी नियमित देखभाल का संकल्प लिया।
कुलपति ने सहजन का पौधा लगाकर की शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशू रानी ने अपने आवास पर सहजन का पौधा लगाकर की। इसके बाद विश्वविद्यालय के पालीवाल पार्क परिसर में मुख्य वृक्षारोपण एवं पौधा-वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
पालीवाल पार्क परिसर में महिला प्रकोष्ठ की प्रमुख प्रो. अर्चना सिंह, प्रो. नीलम यादव, महामना मालवीय मिशन, आगरा संभाग के महासचिव राकेश चन्द्र शुक्ला तथा मिशन की सांस्कृतिक प्रकोष्ठ प्रमुख श्रुति सिंहा ने पौधे लगाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
600 से अधिक पौधों से हरियाली का संदेश
कार्यक्रम के लिए 600 से अधिक पौधे उपलब्ध कराए गए। इनमें अधिकांश पौधों का विवि के पालीवाल पार्क परिसर में रोपण किया गया, जबकि कुछ पौधे उपस्थित लोगों को अपने घरों में लगाने के लिए वितरित किए गए।
पौधों में सहजन, करौंदा, शहतूत, अनार, आम, अमरूद, नींबू, कनेर, चंपा, चमेली, गुड़हल, गुलमोहर, बोतल पाम और अशोक सहित विभिन्न फलदार, पुष्पीय एवं औषधीय प्रजातियां शामिल रहीं।
‘रक्षासूत्र की तरह पौधों की भी करें रक्षा’
महिला प्रकोष्ठ की प्रमुख प्रो. अर्चना सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण से जुड़े इस प्रकार के कार्य समाज और आने वाली पीढ़ियों के लिए अत्यंत लाभकारी हैं। वर्तमान मौसम पौधारोपण के लिए अनुकूल है और ऐसे समय में पौधे लगाना सुखद एवं संतोषदायक अनुभव है। महामना मालवीय मिशन, आगरा संभाग के महासचिव राकेश चन्द्र शुक्ला ने कहा कि रक्षाबंधन पर जिस तरह प्रियजनों की रक्षा के लिए रक्षा सूत्र बांधा जाता है, उसी तरह रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर पौधे लगाकर धरती माता की रक्षा का संकल्प लिया गया है।
पर्यावरण संरक्षण को जन-अभियान बनाने पर जोर
मिशन की सांस्कृतिक प्रकोष्ठ प्रमुख श्रुति सिंहा ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण को नियंत्रित करने और वातावरण को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना और उनकी नियमित देखभाल करना जरूरी है। महिला प्रकोष्ठ की कोऑर्डिनेटर तथा मिशन की उपाध्यक्ष प्रो. नीलम यादव ने उपयोगी एवं औषधीय पौधों को घर-घर तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
विश्वविद्यालय के प्रोफेसर, शोधार्थी और कर्मचारी हुए शामिल
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के प्रोफेसर, शोधार्थी, विद्यार्थी, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी तथा महामना मालवीय मिशन के सदस्य शामिल हुए। प्रमुख रूप से प्रो. बृजेश रावत, निदेशक, सेठ पद्म चंद संस्थान; प्रो. रणवीर सिंह, पूर्व विभागाध्यक्ष, समाज कार्य विभाग; आर.के. त्रिपाठी, असिस्टेंट रजिस्ट्रार; चतुर्भुज तिवारी, डॉ. राजकुमार, डॉ. मनोज गौड़, डॉ. ममता बंसल, डॉ. राजेश कुशवाह, डॉ. रत्ना पांडे, डॉ. पूनम वाष्णेय, नीलम शर्मा, हरि कुमारी, डी.के. पांडे, संध्या बघेल, पुरुषोत्तम, सूर्यमणि त्रिपाठी, कांत, अजय, उपेंद्र पचौरी, प्रशांत और प्रिया सहित अनेक शोधार्थी एवं विश्वविद्यालय स्टाफ मौजूद रहे। विश्वविद्यालय के माली गौरी तथा मिशन के सदस्य भी कार्यक्रम में शामिल हुए।