जिले में परचम लहराकर प्रांतीय प्रतियोगिता के लिए बदायूं रवाना हुए सरस्वती शिशु मंदिर के होनहार खिलाड़ी

आगरा। सरस्वती शिशु मंदिर उत्तर विजय नगर, आगरा के प्रतिभावान विद्यार्थियों ने खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिला स्तर पर विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद चयनित खिलाड़ी अब प्रांतीय स्तर की प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए बदायूं रवाना हो गए हैं। खो-खो और बैडमिंटन में चयनित इन खिलाड़ियों से विद्यालय परिवार को प्रांतीय प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है।

Aug 25, 2026 - 12:23
 0
जिले में परचम लहराकर प्रांतीय प्रतियोगिता के लिए बदायूं रवाना हुए सरस्वती शिशु मंदिर के होनहार खिलाड़ी
बदायूं में आयोजित प्रांतीय खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए जाने वाले छात्रों के साथ सरस्वती शिशु मंदिर उत्तर विजय नगर की प्रबंध समिति के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल एवं आचार्यगण।

सरस्वती शिशु मंदिर उत्तर विजय नगर आगरा शहर का एक प्राचीन एवं प्रतिष्ठित विद्यालय है, जहां से शिक्षा ग्रहण करने वाले अनेक विद्यार्थी आज विभिन्न क्षेत्रों में सफलता की ऊंचाइयों पर पहुंच चुके हैं। लगभग 1030 विद्यार्थियों वाले इस विद्यालय के खिलाड़ियों ने खेल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा, अनुशासन और खेल भावना का परिचय देते हुए जिला स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।

विद्यालय के नैतिक, शिवा, अनमोल, आदित्य, कुशाग्र, कृष्णा, अंश गोला, आर्यन कश्यप, मुकुल, ईशान और यशपाल ने खो-खो प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर प्रांतीय स्तर के लिए स्थान बनाया। वहीं आदित्य, शिवाय, अर्नव, जैनव एवं प्रज्ञा ने बैडमिंटन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का प्रतिनिधित्व करने का गौरव हासिल किया।

जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने के बाद विद्यालय के सभी चयनित खिलाड़ी पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ प्रांतीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए बदायूं रवाना हुए। खिलाड़ियों के रवाना होने से पहले विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने सभी खिलाड़ियों को टीका लगाकर और मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल प्रदर्शन की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वे प्रांतीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन करेंगे।

श्री अग्रवाल ने कहा कि छात्रों की यह प्रगति विद्यालय के प्रधानाचार्य अरविंद तिवारी एवं आचार्यों के निरंतर अभ्यास, परिश्रम और मार्गदर्शकों के समर्पण का परिणाम है।

SP_Singh AURGURU Editor