रक्षाबंधन पर आगरा में आस्था और अपनत्व का अनूठा संगम, मंदिरों में विशेष श्रृंगार, रजत वासुकी की शैया पर बाबा श्रीमनःकामेश्वरनाथ के दर्शन, टीयर्स के बच्चों ने बांधी डीएम को राखी

आगरा। रक्षाबंधन और सावन पूर्णिमा के पावन अवसर पर शुक्रवार को आगरा में भक्ति, आस्था, वात्सल्य और भाई-बहन के स्नेह के अलग-अलग रंग देखने को मिले। श्रीमनःकामेश्वर मठ मंदिर में रजत वासुकी की शैया पर बाबा मनःकामेश्वरनाथ के दिव्य दर्शन और अनंत राजभोग ने श्रद्धालुओं को भावविभोर किया, तो नाई की मंडी स्थित श्री प्रेमनिधि जी मंदिर में ठाकुर श्याम बिहारी को राखी धराकर पुष्टिमार्गीय वात्सल्य परंपरा निभाई गई। वहीं टीयर्स बौद्धिक दिव्यांगजन संस्थान की बच्चियों ने जिलाधिकारी मनीष बंसल को राखी बांधकर रक्षाबंधन के आत्मीय भाव को जीवंत किया।

Aug 28, 2026 - 20:17
 0
रक्षाबंधन पर आगरा में आस्था और अपनत्व का अनूठा संगम, मंदिरों में विशेष श्रृंगार, रजत वासुकी की शैया पर बाबा श्रीमनःकामेश्वरनाथ के दर्शन, टीयर्स के बच्चों ने बांधी डीएम को राखी
रक्षाबंधन पर श्रीमनःकामेश्वरनाथ के रजत वासुकी की शैया पर दिव्य दर्शन की एक झलक।

रजत वासुकी की शैया पर विराजे मनःकामेश्वरनाथ, अनंत राजभोग से सजा दरबार

श्रावण पूर्णिमा और रक्षाबंधन के अवसर पर श्री मनःकामेश्वर मठ मंदिर में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। फूलों की मनोहारी सजावट के बीच रजत वासुकी नाग की शैया पर बाबा मनःकामेश्वरनाथ विराजमान हुए। बाबा के दिव्य रजत श्रृंगार और मनोहारी फूल बंगले के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। मंदिर परिसर हर-हर महादेव और जय बाबा मनःकामेश्वरनाथ के जयघोष से गूंज उठा। इस अवसर पर श्रीनाथ जी को छप्पन भोग तथा बाबा मनःकामेश्वरनाथ को अनंत राजभोग समर्पित किया गया।

श्रीमनःकामेश्वर मठ मंदिर के श्रीमहंत योगेश पुरी जी के सानिध्य में हुए विशेष आयोजन में बाबा मनःकामेश्वरनाथ का आकर्षक रजत श्रृंगार किया गया। मठ मंदिर प्रशासक हरिहर पुरी ने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर विशेष धार्मिक आयोजन किया गया। श्रीनाथ जी को विधि-विधान से छप्पन भोग अर्पित किया गया, जबकि बाबा श्री मनःकामेश्वरनाथ को अनंत राजभोग समर्पित किया गया।

भव्य फूल बंगले में फूलों की सुगंध, दीपों की रोशनी और भक्ति संगीत के बीच ठाकुर जी और बाबा के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। मंदिर परिसर को विभिन्न प्रकार के पुष्पों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था।

अनंत राजभोग दर्शन के मुख्य यजमान के रूप में अश्वनी-कल्पना रावत, राजकुमार-उषा गुप्ता, आत्माराम-सुनीता राठौर, अमर-रोमी गुप्ता, देवेंद्र-कोमल जैन, एडवोकेट राघवेंद्र-सारिका सिंघल तथा विवेक-काजल अग्रवाल ने धार्मिक आयोजन में सहभागिता की।

टीयर्स की बच्चियों ने जिलाधिकारी मनीष बंसल को बांधी राखी, मिला स्नेह और आशीर्वाद

जिलाधिकारी मनीष बंसल को राखी बांधी टीयर्स की बच्चियां।

रक्षाबंधन के अवसर पर टीयर्स बौद्धिक दिव्यांगजन संस्थान की प्रशिक्षण प्राप्त कर रही बच्चियों बुशरा, नंदिनी और रुचि ने जिलाधिकारी मनीष बंसल को राखी बांधी। बच्चियों ने जिलाधिकारी को राखी बांधकर रक्षाबंधन का पर्व मनाया। जिलाधिकारी ने बच्चियों को स्नेह और आशीर्वाद प्रदान किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी मनीष बंसल ने टीयर्स संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था बहुत अच्छा कार्य कर रही है। संस्था की प्रगति के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। संस्था की निदेशिका डॉ. रीता अग्रवाल ने कहा कि ऐसे लोगों का स्नेह मिलने से बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है।

ठाकुर श्याम बिहारी को धराई राखी, यशोदा मैया के वात्सल्य भाव में रंगा प्रेमनिधि मंदिर

रक्षाबंधन पर श्रीप्रेमनिधि मंदिर में हिंडोले में सजे ठाकुर जी।

नाई की मंडी स्थित श्री प्रेमनिधि जी मंदिर में सावन पूर्णिमा और रक्षाबंधन पर पुष्टिमार्गीय सेवा-परंपरा के अनुरूप हिंडोला उत्सव मनाया गया। ठाकुर श्याम बिहारी जी को सफेद घटा का मनोहारी श्रृंगार कर हिंडोले पर विराजित किया गया और रक्षा-सूत्र अर्थात राखी धराई गई। बाल स्वरूप ठाकुरजी के प्रति वात्सल्य और उनकी रक्षा की कामना से जुड़ी इस सेवा ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

मंदिर में हरिनाम संकीर्तन और पुष्टिमार्गीय पद गायन हुआ। दिनेश पचौरी और अमित शर्मा के संकीर्तन से मंदिर परिसर कृष्णमय हो उठा। पदों में यशोदा मैया के वात्सल्य भाव, कन्हैया की बलैया लेने और उन्हें बुरी नजर व बाधाओं से बचाने की कामना का भाव प्रस्तुत किया गया।

मुख्य सेवायत हरिमोहन गोस्वामी और सुमित गोस्वामी ने बताया कि पुष्टिमार्गीय सेवा में ठाकुरजी को बालक मानकर प्रेम, ममता और वात्सल्य से सेवा-सुख देना ही इस परंपरा का मूल भाव है।

सफेद घटा के हिंडोले में ठाकुर श्याम बिहारी जी के दिव्य दर्शन और राखी की सेवा ने मंदिर में वात्सल्य एवं कृष्ण प्रेम की अनुपम अनुभूति कराई।

SP_Singh AURGURU Editor