दीपावली से पहले आगरा 800 किलो अवैध पटाखे और जब्त, जयपुर हाउस और सीकरी में पुलिस छापा
दीपावली से पहले आगरा पुलिस की अवैध आतिशबाजी के बड़ी कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर बड़ी कार्रवाई की है। जयपुर हाउस और फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में पुलिस टीमों ने छापा मारकर दो मकानों से 800 किलो से अधिक अवैध विस्फोटक सामग्री बरामद की है। लाखों रुपये मूल्य के इन पटाखों के साथ पुलिस ने दोनों मकानों के मालिकों को विस्फोटक अधिनियम के तहत आरोपी बनाया है। अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि शहर में दीपावली सुरक्षित और शांतिपूर्ण रहे।
जयपुर हाउस में 400 किलो अवैध आतिशबाजी बरामद
लोहामंडी थाना क्षेत्र की पुलिस ने जयपुर हाउस में अंकित खंडेलवाल के मकान पर छापा मारकर करीब 400 किलो आतिशबाजी जब्त की। मकान के निचले हिस्से में परिवार रह रहा था, जबकि ऊपर की मंज़िल में विस्फोटक सामग्री भरी पड़ी थी। ज़रा सी चिंगारी भी क्षेत्र में बड़ा हादसा कर सकती थी।
इस अभियान का नेतृत्व एसीपी लोहामंडी मयंक तिवारी ने किया। पूरी कार्रवाई डीसीपी सिटी सोनम कुमार के निर्देश में संपन्न हुई। पुलिस के मुताबिक, मकान मालिक के पास किसी प्रकार का लाइसेंस नहीं था और पटाखों को बाजार में बेचने के लिए जमा किया गया था।
फतेहपुर सीकरी में भी कार्रवाई, लाखों के पटाखे जब्त
इसी तरह, फतेहपुर सीकरी थाना क्षेत्र में भी बड़ी कार्रवाई हुई। मुकेश शर्मा के मकान में अवैध रूप से भारी मात्रा में पटाखों का भंडारण किया गया था। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर क्राइम टीम ने पुलिस बल के साथ छापा मारा। घर से लाखों रुपये मूल्य के पटाखे जब्त किए गए।
पुलिस ने बताया कि मकान के अंदर विस्फोटक सामग्री का भंडारण पूरी तरह अवैध था। फिलहाल सभी सामान को सील कर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस का सख्त रुख — दीपावली तक जारी रहेगा अभियान
डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने कहा कि दीपावली से पहले अवैध पटाखों की बिक्री और भंडारण पर ज़ीरो टॉलरेंस पॉलिसी अपनाई गई है। उन्होंने बताया कि जिन क्षेत्रों में ऐसे खतरनाक गोदाम या घरों की जानकारी मिलेगी, वहाँ तत्काल छापेमारी की जाएगी।
अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे अवैध पटाखों से दूरी बनाए रखें, और यदि कहीं ऐसी गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। जनसुरक्षा के दृष्टिकोण से यह कार्रवाई आगरा में सुरक्षित दीपावली सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।