हिंदुओं की हत्या को बेसब्र था अमेरिकी युवक, इलिनोइस के हिंदू मंदिर गोलीबारी करने की कोशिश की, गिरफ्तारी के बाद हुआ खुलासा
अमेरिका के इलिनोइस में हिंदू मंदिर पर गोलीबारी करने की साजिश रचने वाले 19 साल के आरोपी के बारे में बड़ा खुलासा हुआ है। गिरफ्तार किए गए एलेक्जेंड्रोस पापोरकिस ने अपने साथी कर्मियों को बताया था कि उसे भारतीयों को मारने का बेसब्री से इंतजार था। हालांकि, उसकी राइफल जाम हो गई और वह पहले ही पकड़ा गया।
वॉशिंगटन। अमेरिका के इलिनोइस राज्य में एक हिंदू मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ को निशाना बनाकर गोलीबारी करने की कथित कोशिश के आरोप में 19 वर्षीय एक युवक एलेक्जेंड्रोस पापोरकिस को गिरफ्तार किया गया है। अमेरिकी अधिकारियों को उसके पास से एक पत्र भी मिला है, जिसमें श्वेत वर्चस्ववादी विचारधारा व्यक्त की गई है। इसके अलावा इस पत्र में भारतीय मूल के लोगों के खिलाफ हिंसा का भी जिक्र है। एलेक्जेंड्रोस पापोरकिस टैको बेल कैशियर के रूप में काम करता था। उसने अपने साथ काम करने वालों से कहा था कि वह "भारतीयों को मारने के लिए बेताब" है।
पैलेटाइन गांव के एलेक्जेंड्रोस पापोरकिस को 11 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया। उस पर आतंकवादी धमकी देने और गैरकानूनी तरीके से हथियार रखने के आरोप लगाए गए हैं। पैलेटाइन पुलिस विभाग के खुफिया अधिकारियों ने पापोरकिस से जुड़े संदेशों और एक दस्तावेज की जांच की जिसका शीर्षक ‘व्हाई आई फॉट : ए.के.ए. (औरोरा शूटर्स मैनिफेस्टो)’ था। इस दस्तावेज में श्वेत वर्चस्ववादी और चरमपंथी विचारधाराओं को व्यक्त करने वाले बयान थे जिनमें दक्षिण एशियाई विरासत, विशेष रूप से ‘‘भारतीय मूल’’ के लोगों के खिलाफ हिंसा का उल्लेख था।
जांचकर्ताओं के अनुसार, आरोपी ने इलिनोइस के औरोरा शहर में एक हिंदू मंदिर को ‘‘संभावित रूप से निशाना बनाकर’’ गोलीबारी करने की कोशिश की थी, लेकिन उसकी बंदूक जाम हो गई। इसके कारण उसे अपनी साजिश टालनी पड़ी और वह घर लौट आया जिससे बड़े नरसंहार की आशंका टल गई। हालांकि, अधिकारियों ने उस मंदिर का नाम नहीं बताया है, जिसे कथित तौर पर निशाना बनाया जाना था।
एलेक्जेंड्रोस पापोरकिस मंदिर पर हमले को अंजाम देने की तैयारी में था, लेकिन उसके एक साथी ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। इससे समय रहते उसकी खूनी योजना नाकाम हो गई। माउंट प्रॉस्पेक्ट और पैलेटाइन पुलिस विभागों ने समन्वय स्थापित करते हुए रविवार दोपहर को पापोराकिस को उसके घर से निकलते समय ढूंढकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के डिटेक्टिव्स का मानना है कि उसी दिन वह पैलेटाइन से लगभग 40 मील (65 किमी) दक्षिण-पश्चिम में स्थित ऑरोरा के एक हिंदू मंदिर में सामूहिक गोलीबारी करने की योजना बना रहा था। श्री वेंकटेश्वर स्वामी (बालाजी) मंदिर इलिनोइस के ऑरोरा में स्थित सबसे बड़ा हिंदू मंदिर है।
उसके घर की तलाशी के दौरान पुलिस ने एक राइफल, कई भरी हुई राइफल मैगजीन और सैकड़ों की संख्या में गोलियां बरामद की। पैलेटाइन पुलिस ने बताया, "बरामद वस्तुओं में बॉडी आर्मर से लैस एक टैक्टिकल वेस्ट और श्वेत वर्चस्ववादी उग्रवाद से जुड़े प्रतीकों वाला एक पैच शामिल था।" पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपी पर "आतंकवादी धमकी देने" और अवैध हथियार रखने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस के अनुसार, संदिग्ध बुधवार को हिरासत सुनवाई के लिए पेश हुआ, जहां एक न्यायाधीश ने उसे हिरासत में रखने का आदेश दिया। पुलिस ने बताया कि उसकी अगली अदालत में पेशी 30 अक्टूबर को निर्धारित है।