आगरा में क्लोरोफार्म गैंग का पर्दाफाश: एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले पांच शातिर गिरफ्तार

आगरा। पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर फ्रॊड, ठगी और साइबर क्राइम को अंजाम देने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस गैंग के पांच सदस्य गिरफ्तार हुए हैं, जो लोगों को क्लोरोफार्म सुंघाकर बेहोश कर उनके कार्ड बदलते और खातों से पैसे उड़ा देते थे। पुलिस ने इनके पास से 52 एटीएम कार्ड बरामद किए हैं।

Aug 31, 2025 - 19:32
 0
आगरा में क्लोरोफार्म गैंग का पर्दाफाश: एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले पांच शातिर गिरफ्तार
सिकंदरा पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गये ठग गिरोह के सदस्य। 

एसीपी हरीपर्वत अक्षय ने बताया कि 5 अगस्त को रुनकता क्षेत्र में एक व्यक्ति अपने खाते से पैसे निकालने एटीएम पहुंचा था। तभी गैंग के सदस्यों ने उसे नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया और उसका कार्ड बदल लिया। अगले दिन होश आने पर पीड़ित को पता चला कि खाते से 20 हजार रुपए गायब हो चुके हैं। पीड़ित की शिकायत पर सिकंदरा थाने में एफआईआर दर्ज की गई और पुलिस ने गैंग की तलाश शुरू कर दी।

लगातार जांच और ट्रैकिंग के बाद पुलिस ने इस शातिर गैंग के पांच सदस्यों सोहिल, अमन, खालिद, हारून और फराज को गिरफ्तार कर लिया। ये सभी गाजियाबाद के रहने वाले हैं और गिरोह का सरगना सोहिल है।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरोह के सदस्य हमेशा अपने पास क्लोरोफार्म रखते थे। ये लोग एटीएम के बाहर कार में बैठकर ग्राहकों का इंतजार करते थे। जैसे ही कोई ग्राहक आता, ये उससे बातचीत कर पासवर्ड जानने की कोशिश करते और मौका पाकर एटीएम कार्ड बदल लेते।

एसीपी अक्षय के अनुसार, जो लोग उनकी बातों में नहीं आते, उन्हें गैंग के सदस्य क्लोरोफार्म सुंघाकर बेहोश कर देते और फिर उनका कार्ड बदलकर दूसरे एटीएम से पैसे निकाल लेते। अब पुलिस गिरोह के बाकी नेटवर्क और संभावित पीड़ितों की तलाश में जुट गई है।

SP_Singh AURGURU Editor