ममेरी साली से मिलने पहुंचे थे 'दीवानजी', अंधेरे में घर से निकलने पर ग्रामीणों ने चोर समझ की धुनाई
खंदौली (आगरा)। थाना खंदौली क्षेत्र के गांव नंदलालपुर में गुरुवार तड़के एक अजीबोगरीब घटना ने सभी को चौंका दिया। तड़के अंधेरे में एक घर से निकलकर भागते एक व्यक्ति को गांव वालों ने चोर समझकर पकड़ लिया और धुनाई कर दी। पुलिस भी बुला ली गई। तब पता चला कि जिसे चोर समझकर पीटा गया था, वह अलीगढ़ पुलिस लाइन में तैनात एक हेड कांस्टेबल है, जो इस गांव में अपनी ममेरी साली से मिलने सादी वर्दी में आया हुआ था। हेड कांस्टेबल की पिटाई की वीडियो ग्रामीणों द्वारा बना ली गई, जो अब तेजी से वायरल हो रही है।
-खंदौली के नंदनलालपुर गांव का वाकया, वीडियो वायरल होने पर पुलिस महकमे में भी खलबली
महिला ने खुद बुलाया था हेड कांस्टेबल
नंदलालपुर निवासी एक युवक फाउंड्री नगर की एक फैक्ट्री में काम करता है। वह दिल्ली गया हुआ था और उसके पिता भी घर पर नहीं थे। बुधवार की रात इस युवक की पत्नी जब घर पर अकेली थी, उसके यहां रिश्ते का जीजा अवनीश पहुंचा। अवनीश थाना नारखी, जनपद फिरोजाबाद के गांव बछगांव का निवासी है और अलीगढ़ पुलिस लाइन में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात है। अवनीश का कहना है कि ममेरी साली ने उससे खर्चे के लिए कुछ रुपये मंगवाए थे, इसीलिए वह उसके घर आया था।
अंधेरे में भागते समय गांव वालों ने पकड़ा
गुरुवार तड़के, जिस समय अंधेरा था, तब हेड कांस्टेबल अवनीश अपनी साली के घर से चुपचाप निकला। गांव के एक युवक की नजर उस पर पड़ गई। अंधेरे में अनजान व्यक्ति को देखकर युवक ने शोर मचा दिया। लोग समझे कि कोई चोर भाग रहा है। ग्रामीणों ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया और बिना पूछताछ किए पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान कई लोग मौके पर जुट गए और मामला बढ़ता चला गया।
सूचना पर पुलिस पहुंची, महिला घर से गायब
घटना की जानकारी मिलने पर डायल 112 की टीम और पोइया पुलिस चौकी से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। भीड़ से छुड़ाकर हेड कांस्टेबल को हिरासत में लिया गया और चौकी लाया गया। इस दौरान इस हेड कांस्टेबल की ममेरी साली बच्चों को लेकर घर से चली गई। अब तक उसकी ओर से पुलिस में कोई शिकायत नहीं दी गई है।
वीडियो वायरल होते ही मचा हड़कंप
घटना स्थल पर किसी ग्रामीण ने हेड कांस्टेबल की पिटाई का वीडियो बना लिया था, जो कुछ ही देर में पूरे क्षेत्र में फैल गया। वीडियो वायरल होने के बाद पूरे पुलिस महकमे में हलचल मच गई। विभागीय छवि पर भी सवाल खड़े होने लगे।
थाना प्रभारी बोले- आरोप प्रथम दृष्टया निराधार
थाना खंदौली के प्रभारी निरीक्षक राकेश चौहान ने बताया कि अवनीश को उसकी ममेरी साली ने स्वयं फोन कर बुलाया था। महिला का अपने पति विनोद से घरेलू विवाद चल रहा है, जो परिवार परामर्श केंद्र में विचाराधीन है। अवनीश पर लगाए जा रहे अन्य व्यक्तिगत आरोपों के संबंध में कोई ठोस प्रमाण नहीं मिले हैं। प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक आपसी बातचीत का प्रतीत हो रहा है।
हेड कांस्टेबल ने कहा- मैं पैसे देने आया था
पुलिस पूछताछ में अवनीश ने बताया कि जिस महिला के घर वह आया था, वह उसकी ममेरी साली है और उसने स्वयं फोन कर बुलाया था। वह घर के खर्चे के लिए रुपये मांग रही थी, इसलिए वह देने गया था। घर से निकलते समय ग्रामीणों ने चोर समझकर पकड़ लिया।