अवागढ़ रेलवे स्टेशन पर आगरा फोर्ट–एटा पैसेंजर ट्रेन के नियमित ठहराव की मांग, केंद्रीय मंत्री प्रो. बघेल ने रेल मंत्री को सौंपा आग्रह पत्र

आगरा/नई दिल्ली। आगरा-एटा रेल मार्ग पर यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को लेकर केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने पहल की है। उन्होंने एटा जिले के अवागढ़ रेलवे स्टेशन पर आगरा फोर्ट–एटा पैसेंजर ट्रेन के नियमित ठहराव की मांग को लेकर केंद्रीय रेल, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर जनहित से जुड़ा आग्रह पत्र सौंपा। रेल मंत्री ने इस मांग पर सकारात्मक विचार करते हुए रेलवे अधिकारियों से नियमानुसार परीक्षण और आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया है।

Aug 4, 2026 - 19:20
 0
अवागढ़ रेलवे स्टेशन पर आगरा फोर्ट–एटा पैसेंजर ट्रेन के नियमित ठहराव की मांग, केंद्रीय मंत्री प्रो. बघेल ने रेल मंत्री को सौंपा आग्रह पत्र
नई दिल्ली में रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव को मांग पत्र सौंपते केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल।

नई दिल्ली में हुई मुलाकात के दौरान केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी तथा पंचायती राज राज्य मंत्री प्रो. बघेल ने रेल मंत्री श्री वैष्णव को बताया कि बरहन–एटा रेल लाइन पर स्थित अवागढ़ रेलवे स्टेशन क्षेत्र के हजारों लोगों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र, किसान, व्यापारी, कर्मचारी और आम नागरिक आगरा, एटा सहित अन्य स्थानों की यात्रा करते हैं।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में आगरा फोर्ट–एटा पैसेंजर ट्रेन संख्या 51901 और एटा–आगरा फोर्ट पैसेंजर ट्रेन संख्या 51902 का अवागढ़ स्टेशन पर ठहराव नहीं होने से स्थानीय यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। यात्रियों को ट्रेन पकड़ने के लिए अन्य रेलवे स्टेशनों तक जाना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त खपत होती है।

प्रो. बघेल ने रेल मंत्री को अवगत कराया कि अवागढ़ एक प्रमुख कस्बा होने के साथ-साथ ब्लॉक, थाना और नगर पंचायत मुख्यालय भी है। आसपास के अनेक ग्रामीण क्षेत्रों के लोग शिक्षा, चिकित्सा, रोजगार और व्यापारिक गतिविधियों के लिए आगरा और एटा पर निर्भर रहते हैं। ऐसे में अवागढ़ रेलवे स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेन का नियमित ठहराव मिलने से हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्रीय आवागमन अधिक सुगम हो सकेगा। उन्होंने रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव से इस दिशा में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई कराने का आग्रह किया।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित रेलवे अधिकारियों से नियमानुसार परीक्षण कराने और आगे की प्रक्रिया पूरी करने का आश्वासन दिया। इससे अवागढ़ क्षेत्र के लोगों में लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने की उम्मीद जगी है।

SP_Singh AURGURU Editor