नशे और रफ्तार का कहर, कोठी मीना बाजार में कार ने स्कूटी को रौंदा, एक युवक की मौत, दो की हालत गंभीर

आगरा। आगरा में तेज़ रफ्तार और नशे में ड्राइविंग ने एक बार फिर जान ले ली। थाना शाहगंज क्षेत्र के कोठी मीना बाजार इलाके में देर रात हुए दिल दहला देने वाले सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Jan 11, 2026 - 13:22
 0
नशे और रफ्तार का कहर, कोठी मीना बाजार में कार ने स्कूटी को रौंदा, एक युवक की मौत, दो की हालत गंभीर
अस्पताल में भर्ती घायल युवक।

आगरा। आगरा में तेज़ रफ्तार और नशे में ड्राइविंग ने एक बार फिर जान ले ली। थाना शाहगंज क्षेत्र के कोठी मीना बाजार इलाके में देर रात हुए दिल दहला देने वाले सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार हमीद नगर गड्डा निवासी अमीना पत्री शकील के घर मिलाद शरीफ का कार्यक्रम था। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद उनका 17 वर्षीय बेटा अयान, आमिर (22) और हाफिज गुलाम रसूल को स्कूटी से छोड़ने जा रहा था। रात करीब 11:30 बजे, जैसे ही वे कोठी मीना बाजार पहुंचे, लोहा मंडी की ओर से आ रही नीले रंग की कार ने तेज़ और लापरवाह ड्राइविंग करते हुए स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।

परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि कार चालक शराब के नशे में था और गलत साइड से आते हुए जानबूझकर स्कूटी में टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवारों को काफी दूर तक घसीटते हुए ले गई। हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों को तत्काल एसएन मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान आमिर ने दम तोड़ दिया। अयान की हालत नाजुक बनी हुई है और वह वेंटिलेटर पर है, जबकि हाफिज गुलाम रसूल की स्थिति भी गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है और मौके से बिलाल व दीपक नामक दो युवकों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस का कहना है कि नशे में ड्राइविंग, रफ्तार और गलत साइड जैसे सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।