आगरा के श्रीकृष्ण लीला महोत्सव में द्वापर युग जीवंतः कंस के कारागार में जन्मे कान्हा

  आगरा। जब-जब धर्म की हानि होती है, तब-तब मैं अवतार लेता हूं। यह श्लोक सोमवार की रात साकार हो उठा जब श्रीकृष्ण लीला महोत्सव समिति के बैनर तले हो रही श्रीकृष्ण लीला में सोमवार को प्रस्तुत मंचन में द्वापर युग जीवंत हो गया। रास बिहारी कृपा सेवा ट्रस्ट, वृंदावन के स्वामी प्रदीप कृष्ण ठाकुर के निर्देशन में मंचित श्रीकृष्ण जन्म लीला ने श्रद्धालुओं को भक्ति, भावना और अध्यात्म की अमिट छाप से भर दिया।

Oct 27, 2025 - 20:51
 0
आगरा के श्रीकृष्ण लीला महोत्सव में द्वापर युग जीवंतः कंस के कारागार में जन्मे कान्हा
श्रीकृष्ण जन्म झांकी में जीवंत हुए वासुदेव–देवकी। स्वामी प्रदीप कृष्ण ठाकुर जी के निर्देशन में मंच पर कलाकारों का उत्कृष्ट प्रदर्शन।

लीला का आरंभ हुआ वसुदेव–देवकी विवाह से, जब कंस के रथ पर आकाशवाणी गूंज उठी- अरे कंस, जिसकी तू रक्षा कर रहा है, वही तेरे मृत्यु का कारण बनेगा। इस संवाद के साथ ही मंच पर भय, करुणा और भक्ति का अद्भुत संगम दिखा। कंस की क्रूरता, देवकी–वसुदेव का कारागार गमन, रोहिणी का ब्रज जाना और बलराम जन्म आदि हर दृश्य ने दर्शकों की आंखें नम कर दीं।

देवताओं द्वारा विष्णु अवतरण की प्रार्थना, नारद आगमन और पृथ्वी माता का करुण विलाप मंच पर जीवंत हुआ। तभी गूंजे जयघोष- जय श्रीकृष्ण!। मंद प्रकाश, बांसुरी की धुन और पुष्प वर्षा के बीच शिशु कृष्ण का जन्म दृश्य जब मंचित हुआ, तो पूरा प्रांगण- नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की...से गूंज उठा।

महिला शांति सेना की अध्यक्ष वत्सला प्रभाकर, श्रुति सिन्हा, रीता कपूर, शीला बहल, निधि जैन, मंजू खंडेलवाल ने श्रीकृष्ण स्वरूप की आरती उतारी।
कार्यक्रम का शुभारंभ सहकारी बैंक के चेयरमैन प्रदीप भाटी, रवि प्रकाश अग्रवाल और डॉ. कुंदनिका शर्मा ने दीप प्रज्वलन कर किया। योगेंद्र सिंघल ने लड्डू गोपाल को लड्डुओं का भोग अर्पित किया।

समिति के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि 28 अक्टूबर को नंदोत्सव, पूतना उद्धार लीला और डांडिया नृत्य संध्या का आयोजन होगा, जबकि 29 अक्टूबर को विशाल रक्तदान शिविर रखा गया है।

लीला संयोजक शेखर गोयल, पार्षद मुरारी लाल गोयल, गिर्राज बंसल, अशोक गोयल, अनीश अग्रवाल, अनूप गोयल, लक्ष्मण शर्मा, विनीत अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में भक्त मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor