गुजरात में पकड़े गये यूपी के फैजान शेख ने सात हिंदूवादी युवाओं की हत्या की लिस्ट बना रखी थी

गुजरात पुलिस की एटीएस कार्रवाई में नवसारी से पकड़े गए उत्तर प्रदेश के रामपुर निवासी फैजान शेख को लेकर जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे उसके कथित आतंकवादी इरादों की परतें खुलती जा रही हैं। जांच एजेंसियों के अनुसार फैजान ने हिंदुत्व से जुड़े दिल्ली और यूपी में सक्रिय सात युवाओं की हत्या की हिटलिस्ट तैयार कर रखी थी, जिसे अंजाम देने की साज़िश वह अपने ऑनलाइन नेटवर्क में भी साझा कर चुका था।

Jan 29, 2026 - 21:05
 0
गुजरात में पकड़े गये यूपी के फैजान शेख ने सात हिंदूवादी युवाओं की हत्या की लिस्ट बना रखी थी
गुजरात एटीएस की हिरासत में फैजान शेख।

लखनऊ/नवसारी। गुजरात पुलिस और एटीएस सूत्रों के मुताबिक, नवसारी से गिरफ्तार फैजान शेख ने कथित तौर पर सात हिंदूवादी युवाओं की हत्या की योजना बनाई थी। जांच में सामने आया है कि इस हिटलिस्ट में उत्तर प्रदेश के रायबरेली निवासी अभिषेक ठाकुर, जो वर्तमान में दिल्ली में रहते हैं, और गाजियाबाद के गरिमा गार्डन निवासी दक्ष चौधरी के नाम प्रमुख रूप से शामिल थे। दक्ष चौधरी वही युवक हैं जिन्होंने दिल्ली में कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार को थप्पड़ मारा था और अयोध्या लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी की हार के बाद क्षेत्र के मतदाताओं को गद्दार कहकर विवाद खड़ा किया था।

सूत्रों का कहना है कि फैजान की सूची में अभिषेक और दक्ष के अलावा अक्कू पंडित, प्रकाश, युधि राणा, विक्रांत और गौरव राजपूत के नाम भी दर्ज थे। ये सभी युवक दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में गौरक्षा अभियानों में सक्रिय बताए जा रहे हैं और इन्होंने आपस में एक समूह भी बना रखा है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार इन युवाओं पर पूर्व में कई मुकदमे दर्ज हो चुके हैं और कुछ मामलों में जेल भी जा चुके हैं।

जांच एजेंसियों के मुताबिक, इन सातों युवाओं की पहचान हिंदुत्व से जुड़े अभियानों के कारण बनी हुई है। कथावाचक अनिरुद्धाचार्य और बागेश्वरधाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री द्वारा अभिषेक ठाकुर और दक्ष चौधरी की गौरक्षा गतिविधियों की सार्वजनिक सराहना किए जाने के बाद ये और अधिक चर्चा में आए थे। माना जा रहा है कि यही कारण था कि फैजान शेख ने इन्हें प्रतीकात्मक लक्ष्य के रूप में चुना।

एटीएस सूत्रों का कहना है कि फैजान शेख नवसारी में दर्जी का काम करता था और इसी दौरान वह कट्टरपंथी विचारधारा के संपर्क में आया। डिजिटल जांच में सामने आया है कि वह आतंकी विचारधाराओं से प्रभावित था और मसूद अजहर जैसे चरमपंथी चेहरों को फॉलो कर रहा था। आरोप है कि उसने अपने एक ऑनलाइन ग्रुप में इन सातों को ऐसी मौत देने की बात लिखी थी कि दुनिया देखे, जिसे जांच एजेंसियां गंभीर आपराधिक मंशा के रूप में देख रही हैं।

फिलहाल गुजरात एटीएस फैजान शेख के डिजिटल उपकरणों, ऑनलाइन संपर्कों और संभावित सहयोगियों की गहन जांच कर रही है। एजेंसियों का कहना है कि यह मामला केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं हो सकता और इसके पीछे किसी बड़े नेटवर्क की भूमिका से इनकार नहीं किया जा सकता। यूपी एटीएस भी गुजरात एटीएस से सम्पर्क साधे हुए है।

SP_Singh AURGURU Editor