सरकारी योजना के नाम पर फर्जीवाड़ा, फर्जी अलॉटमेंट लेटर से लाखों की ठगी, कोर्ट के आदेश पर एफआईआर दर्ज

आगरा के थाना जगदीशपुरा क्षेत्र में सरकारी योजना के नाम पर 4.64 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी रितेश उर्फ लवी कपूर ने फर्जी अलॉटमेंट लेटर दिखाकर मकान-दुकान दिलाने का झांसा दिया। नगर निगम ने दस्तावेज फर्जी बताए। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Feb 12, 2026 - 11:19
 0
सरकारी योजना के नाम पर फर्जीवाड़ा, फर्जी अलॉटमेंट लेटर से लाखों की ठगी, कोर्ट के आदेश पर एफआईआर दर्ज
इमेज फोटो

आगरा। शहर में सरकारी योजना के नाम पर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। थाना जगदीशपुरा क्षेत्र में आरोपी रितेश उर्फ लवी कपूर पर मकान और दुकान दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने का आरोप लगा है। पीड़ितों की शिकायत के बाद न्यायालय के आदेश पर आखिरकार पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।

आरोप है कि रितेश उर्फ लवी कपूर ने खुद को सरकारी योजना से जुड़ा बताकर लोगों को सस्ते दरों पर मकान और दुकान दिलाने का झांसा दिया। इस झांसे में आकर पीड़ित जीतू समेत कई लोगों ने कुल 4 लाख 64 हजार रुपये आरोपी को दे दिए।

फर्जी अलॉटमेंट लेटर से रचा जाल

पीड़ितों को भरोसा दिलाने के लिए आरोपी ने कथित रूप से फर्जी अलॉटमेंट लेटर और दस्तावेज दिखाए। जब दस्तावेजों की जांच नगर निगम में कराई गई तो उन्हें पूरी तरह फर्जी बताया गया। इसके बाद पीड़ितों को अपने साथ ठगी का एहसास हुआ।

पैसे मांगने पर बनाया झूठा एग्रीमेंट

पीड़ितों का आरोप है कि जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने टालमटोल शुरू कर दी और एक झूठा एग्रीमेंट तैयार कर दिया। बावजूद इसके रकम वापस नहीं की गई।

कार्रवाई न होने पर कोर्ट की शरण

पीड़ितों ने थाना जगदीशपुरा और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई न होने पर उन्हें न्यायालय की शरण लेनी पड़ी। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और यदि अन्य पीड़ित सामने आते हैं तो उनकी शिकायत भी शामिल की जाएगी। आरोपी की भूमिका और संभावित नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है।