आगरा में मेट्रो में नौकरी का सपना दिखाकर लाखों हड़पे, ठग सलाखों के पीछे

आगरा मेट्रो में नौकरी दिलाने का झांसा देकर करीब 20 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी सुशील कुमार को किरावली पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने अपने रिश्तेदारों के मेट्रो में उच्च पदों पर होने का दावा कर पीड़ित से पैसे ऐंठे थे। पुलिस अन्य संभावित पीड़ितों की भी जांच कर रही है।

Jan 12, 2026 - 20:36
 0
आगरा में मेट्रो में नौकरी का सपना दिखाकर लाखों हड़पे, ठग सलाखों के पीछे
इमेज फोटो

आगरा। आगरा मेट्रो में नौकरी लगवाने के नाम पर करीब 20 लाख रुपये की ठगी करने वाले एक आरोपी को थाना किरावली पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने अपने रिश्तेदारों के मेट्रो में उच्च पदों पर तैनात होने का दावा कर पीड़ित को भरोसे में लिया और बड़ी रकम ऐंठ ली।

थाना किरावली क्षेत्र के ग्राम गुढ़ा निवासी गजेंद्र सिंह की तहरीर पर दर्ज मुकदमे के अनुसार, थाना कागारौल क्षेत्र के ग्राम गहर्रा कलां निवासी सुशील कुमार पुत्र हरदम सिंह ने मेट्रो में नौकरी दिलाने का झांसा दिया। आरोपी ने बैंक खातों के माध्यम से और नकद मिलाकर पीड़ित से लगभग 20 लाख रुपये ले लिए।

लंबे समय तक नौकरी न लगने पर जब पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देना शुरू कर दिया। इसके बाद पीड़ित ने थाना किरावली में शिकायत दर्ज कराई।

प्रभारी निरीक्षक सत्यवीर सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने क्षेत्र में चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर ग्राम गहर्रा कलां से आरोपी सुशील कुमार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने नौकरी दिलाने के नाम पर रुपये लेने की बात स्वीकार की है।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने इसी तरह और लोगों से तो ठगी नहीं की है।