हेमा मालिनी की ‘गंगा’ से गूंजेगा ब्रज रज उत्सव, 11 दिन तक वृंदावन-मथुरा में सजेगी सुरों और संस्कृति की महफिल

मथुरा। ब्रज रज उत्सव-2026 का आगाज 23 अक्टूबर को अभिनेत्री एवं सांसद हेमा मालिनी की नृत्य नाटिका ‘गंगा’ से होगा। दो नवंबर तक चलने वाले 11 दिवसीय उत्सव में सौरभ राज जैन, ईशिता विश्वकर्मा, लखवीर सिंह लक्खा समेत कई प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। पहली बार वृंदावन के नवनिर्मित स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह में भी सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जबकि धौलीप्याऊ स्थित रेलवे ग्राउंड पर संगीत, भजन और लोककलाओं की महफिल सजेगी।

Oct 15, 2026 - 21:48
 0
हेमा मालिनी की ‘गंगा’ से गूंजेगा ब्रज रज उत्सव, 11 दिन तक वृंदावन-मथुरा में सजेगी सुरों और संस्कृति की महफिल

उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद, जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले उत्सव में ब्रज की सांस्कृतिक विरासत, लोककला और पारंपरिक खानपान के साथ देश के विभिन्न क्षेत्रों की कला एवं संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। स्थानीय कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया जाएगा। उत्सव के माध्यम से सांस्कृतिक विरासत को व्यापक पहचान दिलाने और पर्यटन को बढ़ावा देने की तैयारी है।

वृंदावन में भी सजेगा सांस्कृतिक मंच

ब्रज रज उत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत 23 अक्टूबर को शाम छह बजे वृंदावन स्थित स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह में हेमा मालिनी की नृत्य नाटिका ‘गंगा’ से होगी। 25 अक्टूबर को अभिनेता सौरभ राज जैन की नाट्य प्रस्तुति ‘मेरे कृष्ण’ दर्शकों के सामने होगी। 26 अक्टूबर को गीता शोध संस्थान की रासलीला और 27 अक्टूबर को शिवानी मिश्रा की ‘कलर्स ऑफ यूपी’ प्रस्तुति आयोजित की जाएगी।

धौलीप्याऊ रेलवे ग्राउंड पर 24 अक्टूबर से सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू होंगे। यहां प्रतिदिन दोपहर तीन बजे से शाम सात बजे तक स्थानीय कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले कलाकार संगीत, भजन और लोककला की प्रस्तुतियों से उत्सव में रंग भरेंगे।

11 दिन तक कलाकारों की प्रस्तुतियों से सजेगी महफिल

उत्सव के कार्यक्रमों के तहत 24 अक्टूबर को धौलीप्याऊ रेलवे ग्राउंड पर ईशान मिश्रा सूफी गायन प्रस्तुत करेंगे। 25 अक्टूबर को इसी स्थल पर रसिक वैष्णव का ‘ब्रज रस’ भजन कॉन्सर्ट होगा। 26 अक्टूबर को रूट्स नादात्म बैंड की संगीत प्रस्तुति होगी, जबकि 27 अक्टूबर को गजेंद्र प्रताप सिंह भजन क्लविंग के जरिए दर्शकों को भक्ति संगीत से जोड़ेंगे।

28 अक्टूबर को ईशिता विश्वकर्मा की भजन प्रस्तुति होगी। 29 अक्टूबर को लखवीर सिंह लक्खा भजनों की प्रस्तुति देंगे। 30 अक्टूबर को अतुल पंडित की सांस्कृतिक प्रस्तुति होगी। 31 अक्टूबर को पद्मश्री रामदयाल नौटंकी प्रस्तुत करेंगे। एक नवंबर को अभय विश्वकर्मा का म्यूजिकल बैंड कार्यक्रम होगा, जबकि दो नवंबर को बैक स्टेज सिवलिंग की संगीत प्रस्तुति के साथ उत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का समापन होगा।

ब्रज की संस्कृति के साथ देशभर के शिल्प और व्यंजनों का संगम

ब्रज रज उत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ देशभर के शिल्प एवं हस्तकला उत्पादों की प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। विभिन्न क्षेत्रों के पारंपरिक व्यंजनों के साथ ब्रज के खानपान का स्वाद लेने का अवसर मिलेगा। मनोरंजन के विभिन्न साधनों की भी व्यवस्था की जाएगी।

उत्सव में वृंदावन को पहली बार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के प्रमुख केंद्र के रूप में शामिल करना महत्वपूर्ण पहल है। स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह और धौलीप्याऊ रेलवे ग्राउंड पर होने वाले कार्यक्रमों के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने के साथ देश के प्रख्यात कलाकारों की प्रस्तुतियां भी दर्शकों को आकर्षित करेंगी। आयोजन का उद्देश्य ब्रज की सांस्कृतिक पहचान को सशक्त बनाने, लोककलाओं को प्रोत्साहित करने और क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देना है।

SP_Singh AURGURU Editor