नेपाल बाढ़ पर विदेश मंत्रालय का ताजा अपडेट, 149 भारतीयों को सुरक्षित निकाला गया, कुल 781 लोगों की मौत
नेपाल-चीन सीमा पर अचानक आई भीषण बाढ़ में 781 से अधिक लोगों की मौत के बीच विदेश मंत्रालय ने राहत भरी खबर दी है।
नई दिल्ली। नेपाल-चीन के सीमावर्ती इलाकों में बुधवार सुबह अचानक आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। अचानक आए जलसैलाब में 781 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई जबकि सैकड़ों लोग लापता हो गए। इस बीच विदेश मंत्रालय ने राहत भरा अपडेट दिया है कि अभी तक 149 भारतीयों को रेस्क्यू किया गया है।
विदेश मंत्रालय ने नेपाल में बचाए गए भारतीय नागरिकों की सूची जारी करते हुए बताया कि 30 अगस्त 2026 शाम 5:30 बजे तक, भारत के 149 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है।
नेपाल के नेशनल डिजास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट अथॉरिटी ने भी शाम 30 अगस्त शाम 6 बजे तक की अपडेट रिपोर्ट जारी की। अथॉरिटी ने रिपोर्ट जारी करते हुए कहा कि नेपाल में अचानक आई बाढ़ से 781 लोगों की मौत हो गई। वहीं 2,502 व्यक्ति अभी भी लापता हैं जबकि 9,435 व्याक्तियों को अब तक सुरक्षित बचाया गया है।
विदेश मंत्रालय ने शनिवार रात तक की अपडेट जानकारी देते हुए बताया था कि रात 10:30 बजे तक नेपाल में 108 भारतीय नागरिकों को बचाया गया। जिन में से 50 भारतीय नागरिकों के साथ दोबारा संपर्क स्थापित हो गया है। मंत्रालय ने आगे बताया कि चीन से नेपाल में 598 भारतीय नागरिकों ने सुरक्षित प्रवेश कर लिया है। 275 भारतीय नागरिक अभी भी लापता थे जबकि भारतीय मूल के 128 व्यक्ति अभी भी लापता है।