सींगना में अंतरराष्ट्रीय आलू अनुसंधान केंद्र को मंजूरी पर सांसद चाहर और मंत्री उपाध्याय ने जताई खुशी
आगरा। फतेहपुरसीकरी से सांसद और भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर ने केंद्र सरकार द्वारा आगरा जनपद के सींगना गांव में अंतरराष्ट्रीय आलू अनुसंधान केंद्र की दक्षिण एशिया क्षेत्रीय शाखा की स्थापना को स्वीकृति दिए जाने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया है।
इस परियोजना के लिए 111 करोड़ रुपये की मंजूरी को ऐतिहासिक कदम बताते हुए सांसद चाहर ने इसे देश, प्रदेश और विशेष रूप से किसानों के हित में मील का पत्थर बताया।
सांसद ने इस निर्णय की सफलता के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को भी धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि उनके सहयोग और मार्गदर्शन के बिना यह महत्वपूर्ण केंद्र आगरा को नहीं मिल पाता। उन्होंने विश्वास जताया कि यह संस्थान न केवल खाद्य एवं पोषण सुरक्षा को सुदृढ़ करेगा, बल्कि किसानों की आय वृद्धि और ग्रामीण रोजगार सृजन में भी निर्णायक भूमिका निभाएगा।
किसानों के लाभकारी होगा केंद्र-योगेंद्र उपाध्याय
उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय आगरा के लिए गौरवपूर्ण, किसानों के लिए लाभकारी और प्रदेश के लिए परिवर्तनकारी सिद्ध होगा। यह केंद्र आलू और शकरकंद की उन्नत किस्मों के विकास, उत्पादन तकनीक, कटाई के बाद प्रबंधन, मूल्य संवर्धन, विपणन और निर्यात के क्षेत्र में वैश्विक मानकों की तकनीक और नवाचार उपलब्ध कराएगा। इससे किसानों को जलवायु-संवेदनशील कृषि तकनीकों से जोड़ने में मदद मिलेगी और भारत इस क्षेत्र में दक्षिण एशिया का नेतृत्वकर्ता बनकर उभरेगा।