समस्याओं के समाधान में फर्जीवाड़ा कर रहा नगर निगम, एसडीएम ने जांच बैठाई

आगरा। एक बार साबित हुआ है कि नगर निगम के स्तर से शिकायतों के निस्तारण में फर्जीवाड़ा हो रहा है। समस्या का समाधान नहीं होता और नगर निगम के स्तर से निस्तारण की रिपोर्ट भेज दी जाती है।

Mar 4, 2025 - 11:51
 0
समस्याओं के समाधान में फर्जीवाड़ा कर रहा नगर निगम, एसडीएम ने जांच बैठाई

नगर निगम के बारे में इस तरह की शिकायतें तो बहुत लम्बे समय से मिल रही हैं। कल तहसील सदर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में एक शिकायतकर्ता ने नगर निगम के फर्जीवाड़े का खुलासा किया। गोकुलपुरा के निवासी जितेंद्र सिंह और विजय कुमार ने समाधान दिवस में एसडीएम के सामने पेश होकर बताया कि उन्होंने 19 फरवरी को नाली की सफाई के लिए नगर निगम में शिकायत दर्ज कराई। इस शिकायत के समाधान के लिए आज तक कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। न ही नाली की सफाई हुई। 

शिकायतकर्ताओं ने कहा कि अब उन्हें जानकारी दी गई है कि उनकी समस्या का समाधान कर दिया गया है। जितेंद्र सिंह और विजय कुमार यह जानकारी मिलने के बाद हैरान हैं कि नाली की हालत जस की तस है और नगर निगम से समाधान करने की जानकारी दी जा रही है। एसडीएम ने इस मामले में जांच के आदेश दिए हैं। संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 127 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से राजस्व विभाग से संबंधित 35 शिकायतें थीं। इनमें से 16 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।