झपकी झपट ले गई तीन जिंदगियां, तड़के एक्सप्रेस वे पर राया के पास कार खड़े वाहन में जा घुसी

आगरा/मथुरा। रात 2:00 बजे से सुबह 5:00 बजे तक ड्राइविंग कितनी खतरनाक हो सकती है, यह कई बार सामने आ चुका है लेकिन इसके बाद भी लोग सावधानी नहीं बरत रहे। खासकर एक्सप्रेसवे पर। आज तड़के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे से एक बार फिर यह साबित हो गया। तेज गति से दौड़ती वैगन आर कार एक्सप्रेस वे पर खड़े वाहन में घुसने से तीन लोगों की मौत हो चुकी है जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। 

Oct 21, 2024 - 11:20
 0
झपकी झपट ले गई तीन जिंदगियां, तड़के एक्सप्रेस वे पर राया के पास कार खड़े वाहन में जा घुसी
यमुना एक्सप्रेस पर पर हादसे में क्षतिग्रस्त वैगन आर कार।

मृतक बिहार और दिल्ली के निवासी बताए जा रहे हैं। तड़के 4:00 बजे के बाद राया क्षेत्र में इनकी वैगन आर कार एक खड़े वाहन में पीछे से जा घुसी।
हादसा इतना भीषण था कि मृतकों के शव गाड़ी के अंदर ही बुरी तरह से फंस गए थे, जिन्हें  बमुश्किल पुलिस ने बाहर निकाला।

माना जा रहा है कि ड्राइवर को झपकी लगने से यह हादसा हुआ। आगरा लखनऊ एक्सप्रेस हो या यमुना एक्सप्रेसवे, इन दोनों पर इस तरह के हादसे बहुत हो रहे हैं,  जिसमें तेज गति से दौड़ती गाड़ियां आगे चलते वाहनों में जा घुसी हैं। यह सारे हिस्से ज्यादातर रात 2:00 बजे से सुबह 5:00 बजे के बीच में तब हुए हैं जब लोगों को नींद सता रही होती है।

चूंकि एक्सप्रेसवे पर गाड़ियां आसानी से चलती हैं, कोई झटका आदि भी नहीं लगता, इसीलिए प्रायः ड्राइवर को झपकी लग ही जाती है और इस हालत में ही गाड़ियां बेकाबू होकर या तो पलट जाती हैं या फिर सामने चलते वाहन में घुस जाती हैं। 

ऐसे हादसे बचाने के लिए यमुना एक्सप्रेसवे पर स्ट्रिप भी लगाई हैं, जिसमें हल्के झटके लगते हैं लेकिन, आधी रात बाद की नींद ऐसी होती है कि ड्राइवरों को पता ही नहीं चल पाता और हादसा हो जाता है।

दुर्घटना का ब्यौरा

वैगन आर कार यमुना एक्सप्रेस वे  माइल स्टोन 110 पर आज सुबह चार बजे हादसे का शिकार हुई। आगरा से दिल्ली जा रही यह कार अनियंत्रित होकर सड़क पर खड़े अज्ञात वाहन में घुस गयी। हादसे के बाद खड़ी गाड़ी का चालक अपनी गाड़ी को दौड़ा ले गया। मौके पर अज्ञात वाहन की सिर्फ नंबर प्लेट मिली है, जिसके आधार पर उसके बारे में पता लगाया जा रहा है।

दुर्घटनाग्रस्त कार में पांच लोग सवार थे। इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी । दो लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए, जिनकी हालात भी चिंताजनक बनी हुयी है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार, इंस्पेक्टर क्राइम दिनेश कुमार चौकी हाइवे प्रभारी केके सिंह घटनास्थल पर पहुंच गए और घायलों को बड़ी मशक्कत के बाद गाड़ी से निकालकर जिला अस्पताल भिजवाया।

बनारस से दिल्ली जा रहे थे 

 थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि कार सवार सभी लोग बनारस से दिल्ली जा रहे थे,  जिसमें पंकज वर्मा पुत्र देशराज निवासी स्वरूप नगर, दिल्ली, भवेश पुत्र बलराम यादव निवासी अरइला जनपद दरभंगा विहार , रोहित पुत्र राजकुमार  निवासी चन्चोरा बाजार रसूलपुर जनपद छपरा सारन विहार की मौके पर मौत हो गयी।

 निर्मल कुमार पुत्र बिजेंद्र प्रसाद निवासी मुकुंदपुर थाना भलसवा दिल्ली और अंकित  पुत्र शिवप्रसाद निवासी द्वारिका मोड़ दिल्ली बुरी तरह घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल मथुरा भेज दिया। पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम को भेज दिया।

SP_Singh AURGURU Editor