अब केवल निंदा नहीं, सीधी कार्रवाई हो, शंकराचार्य का पहलगाम हत्याकांड पर तीखा बयान
आगरा। हिंदू शांत रहता है, सिर्फ इसलिए उसे मारा जाए, यह न्याय नहीं, बर्बरता है। पहलगाम में धर्म के आधार पर निर्दोष नागरिकों की हत्या पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए जगद्गुरु शंकराचार्य ज्योतिष्पीठाधीश्वर स्वामी श्री अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने केंद्र सरकार से सीधी कार्रवाई की मांग की है।
ग्वालियर से हरिद्वार की यात्रा के दौरान आगरा में दयालबाग स्थित डॉ. दीपिका उपाध्याय के आवास पर अल्पविराम के दौरान शंकराचार्य जी ने अपने निर्माणाधीन आश्रम का अवलोकन किया और गौ माता की मूर्ति स्थापना का निर्देश भी दिया।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा, भारत भूमि पर गौमाता का रक्त गिरना सबसे बड़ा पाप है। केंद्र सरकार को चाहिए कि गोहत्या पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाए और देशी गाय के संरक्षण के लिए ठोस नीति लाए। उन्होंने देशी गाय को "रामा गाय" की उपाधि दी और इसके संरक्षण का आह्वान किया।
पहलागाम हत्याकांड को लेकर उन्होंने सरकार की नीति पर सवाल उठाए और कहा, सिर्फ पानी बंद कर देना काफी नहीं। आतंकियों को सीधा जवाब देना होगा। किसी भी सक्षम राष्ट्र की पहचान यही होती है कि वह अपने नागरिकों की रक्षा करे और हमले का माकूल जवाब दे।
आगरा प्रवास के बाद शंकराचार्य दोपहर बाद सड़क मार्ग से हरिद्वार के लिए रवाना हो गए। वहाँ वे बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम के कपाट खुलवाने की प्रक्रिया में भाग लेंगे।