वरिष्ठ नागरिकों ने गीत-संगीत व नृत्य से सजाई खुशियों की शाम, क्लब 60 प्लस का आयोजन

आगरा। वरिष्ठ नागरिकों की मुस्कान ही असली पूंजी है। इसी संदेश को साकार किया आई सर्व खुशियों के पल – क्लब 60 प्लस ने, जब विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस की पूर्व संध्या पर खंदारी बायपास रोड स्थित होटल लेमन ट्री में भव्य सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन हुआ। उम्र भले ढलती हो, लेकिन सपनों और मुस्कुराहट की जवानी ने मंच पर धूम मचा दी।

Aug 20, 2025 - 19:07
 0
वरिष्ठ नागरिकों ने गीत-संगीत व नृत्य से सजाई खुशियों की शाम, क्लब 60 प्लस का आयोजन
खंदारी बायपास रोड स्थित होटल लेमन ट्री में आई सर्व खुशियों के पल संस्था द्वारा आयोजित सांस्कृतिक संध्या में प्रस्तुति देते वरिष्ठजन।

गीत-संगीत और नृत्य से झूमे बुजुर्ग

विगत सात वर्षों से वरिष्ठ नागरिकों के जीवन में नई ऊर्जा भर रही संस्था के महोत्सव में बुजुर्गों ने गीतों और नृत्यों के साथ जीवन का जश्न मनाया। मंच पर राममोहन कपूर, डॉ. सतीश अग्रवाल, पीएस ओबेरॉय, रंजन कोहली, शरद पूर्णिमा कपूर, एसके शर्मा, सुमन जैन, उमा अग्रवाल और वीपी आर्य सहित अन्य वरिष्ठ प्रतिभागियों ने ‘ये रेशमी जुल्फें…’, ‘बार-बार देखो हजार बार देखो…’ और ‘इधर तुम हंसी हो उधर दिल जवां है…’ जैसे गीत गाए तो सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
‘अब गुनगुनाएगा आगरा’ कार्यक्रम में हर आयु वर्ग की स्वर लहरियों ने वातावरण को सुरमय कर दिया। वरिष्ठजन भी गीत-संगीत की इस लहर में थिरकने लगे। कार्यक्रम का संचालन अनुराग जैन एवं दिनेश श्रीवास्तव ने किया।

मुख्य अतिथि ने की सराहना

मुख्य अतिथि डॉ. अतुल कुलश्रेष्ठ (राष्ट्रीय अध्यक्ष, जैरिएटिक केयर) ने कहा कि आई सर्व खुशियों के पल – क्लब 60 प्लस वरिष्ठ नागरिकों के लिए जीवनदायिनी संजीवनी की तरह है। यहां जुड़ने के बाद बुजुर्ग अकेलेपन से निकलकर नई जिंदगी जीते हैं। संस्था उन्हें भावनात्मक और सामाजिक सहारा प्रदान कर रही है।

संस्था का उद्देश्य है खुशियों की साझेदारी

संस्था के सूत्रधार अनुराग जैन ने कहा कि हमारा उद्देश्य हर बुजुर्ग को अकेलेपन और अवसाद से निकालकर अपनापन, मंच और सम्मान देना है। सात वर्षों में यह अनुभव हुआ है कि जब वरिष्ठ नागरिकों को अवसर मिलता है तो वे जीवन को पूरे रंगों के साथ जीते हैं और समाज को भी प्रेरणा देते हैं। यही संस्था का सबसे बड़ा मकसद और उपलब्धि है। संस्था को राम मोहन कपूर का विशेष सहयोग प्राप्त है।

वरिष्ठ प्रतिभागियों की भावनाएं

राम मोहन कपूर ने अनुभव साझा करते हुए कहा, आज मुझे लगा जैसे मैं फिर से कॉलेज के दिनों में लौट आया हूं, संगीत और साथियों के बीच मन जवान हो गया है।
एडवोकेट राजीव ने भावुक होकर कहा कि यहां आकर अकेलेपन का एहसास खत्म हो जाता है, क्लब हमें परिवार जैसा माहौल देता है।
डॉ. सतीश अग्रवाल ने कहा, वरिष्ठ नागरिक समाज का बोझ नहीं, बल्कि अनुभव और ऊर्जा का खजाना हैं। ऐसे मंच हमें जीवन जीने की असली प्रेरणा देते हैं।
पीएस ओबेरॉय ने कहा कि जिन सपनों और शौक को जीवन की व्यस्तताओं ने रोक दिया था, वही अब संस्था के माध्यम से साकार हो रहे हैं।

SP_Singh AURGURU Editor