गर्लफ्रेंड के शौक पूरे करने को दो सगे भाइयों ने लूटा ऑटो, चालक के सिर पर मारा लोहे का बांट; दोनों गिरफ्तार
-आरके सिंह- बरेली। गर्लफ्रेंड के शौक और मौज-मस्ती के लिए रुपये जुटाने के चक्कर में दो सगे भाइयों ने ऑटो चालक को निशाना बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। दोनों सवारी बनकर ऑटो में बैठे और सुनसान रास्ते पर पहुंचते ही चालक पर हमला कर ऑटो लूटकर फरार हो गए। भोजीपुरा थाना पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया ऑटो रिक्शा संख्या UP 25 JT 0829, एक तमंचा .315 बोर और तीन जिंदा कारतूस .315 बोर बरामद किए हैं। घटना में शामिल उनका एक साथी अभी फरार है।
सुनसान रास्ते पर बनाया निशाना
पुलिस के अनुसार दोनों भाइयों ने अपने साथी शिवम उर्फ डब्बीलाल के साथ मिलकर ऑटो लूटने की योजना बनाई थी। घटना से कुछ दिन पहले वे शिवम की मोटरसाइकिल से बरेली आए और ऑटो चालक को निशाना बनाने की योजना तैयार की। इसके बाद दोनों सवारी बनकर ऑटो में बैठे और चालक से जादोपुर तक जाने के लिए ऑटो बुक कराया।
बहेड़ी के जादोपुर पहुंचने के बाद आरोपियों ने चालक से रूट बदलकर सुनसान रास्ते पर ऑटो ले जाने को कहा। सुनसान स्थान पर पहुंचते ही पीछे बैठे एक आरोपी ने चालक के सिर पर करीब दो किलो वजन का लोहे का बांट मार दिया। दूसरे आरोपी ने उसके गले में गमछा डालकर खींचा। हमले में घायल चालक को सड़क पर गिराकर दोनों आरोपी ऑटो लेकर फरार हो गए।
27 अगस्त को दर्ज हुई थी रिपोर्ट
सुभाषनगर थाना क्षेत्र के सानिया धन सिंह निवासी सगन ने 27 अगस्त को भोजीपुरा थाने में तहरीर देकर बताया था कि दो अज्ञात लोगों ने उसके साथ मारपीट कर उसका ऑटो रिक्शा UP 25 JT 0829 लूट लिया और फरार हो गए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक विवेक कुमार को सौंपी थी।
पुलिस के अनुसार मामले की जांच के दौरान आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई गई और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई।
पेट्रोल पंप के पास दबोचे गए दोनों भाई
पुलिस अधीक्षक उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक कुंवर बहादुर सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने रविवार तड़के करीब 2:12 बजे सेमीखेड़ा से बरेली की ओर आने वाले मार्ग पर एक पेट्रोल पंप के पास से विशाल उर्फ छोटू और भारत रत्न को गिरफ्तार किया।
दोनों आरोपी भोजीपुरा क्षेत्र के ग्राम सेमीखेड़ा के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार दोनों की निशानदेही पर लूटा गया ऑटो रिक्शा बरामद कर लिया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक तमंचा .315 बोर और तीन जिंदा कारतूस भी मिले। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में शस्त्र अधिनियम की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं। आरोपियों के पास से आधार कार्ड की एक रंगीन छायाप्रति मिलने की जानकारी भी पुलिस ने दी है।
दुकान में छिपाकर रखा था लूटा ऑटो
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि उन्होंने अपने साथी शिवम उर्फ डब्बीलाल के साथ मिलकर ऑटो लूटने की योजना बनाई थी। पुलिस के मुताबिक, घटना को अंजाम देने के बाद लूटे गए ऑटो को लिंक रोड स्थित अपनी दुकान में छिपाकर रखा गया था।
गिरफ्तार दोनों आरोपी लूटे गए ऑटो को ठिकाने लगाने के लिए एकत्र हुए थे। इसी दौरान पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया, जबकि उनका साथी शिवम मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
दोनों पर मुकदमे, एक पर पहले से केस
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ भोजीपुरा थाने में लूट और शस्त्र अधिनियम के मुकदमे दर्ज किए गए हैं। वहीं, भारत रत्न के खिलाफ देवरनियां थाने में भी पूर्व में एक मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस फरार आरोपी शिवम उर्फ डब्बीलाल की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। मामले में पुलिस आरोपियों से पूछताछ के आधार पर लूट की घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।