महर्षि दयानंद पार्क में गूंजेगी वेद कथा: आर्य समाज बल्केश्वर का 67वां वार्षिकोत्सव 11 से 14 दिसम्बर तक

आगरा। कमला नगर स्थित महर्षि दयानन्द पार्क में 11 से 14 दिसम्बर तक वेद कथा, यज्ञ, भक्ति और वैदिक ज्ञान की अमृत वर्षा बहेगी। आर्य समाज मंदिर बल्केश्वर के 67वें वार्षिकोत्सव समारोह की तैयारियों के बीच रविवार को संजय प्लेस के अवध बैंक्वेट हॉल में चार दिवसीय कार्यक्रम के आमंत्रण पत्र का विमोचन किया गया। समारोह का शुभारम्भ 9 दिसम्बर को प्रातः 7 बजे आर्य समाज मंदिर कमला नगर से निकलने वाली प्रभात फेरी से होगा।

Dec 8, 2025 - 18:54
 0
महर्षि दयानंद पार्क में गूंजेगी वेद कथा: आर्य समाज बल्केश्वर का 67वां वार्षिकोत्सव 11 से 14 दिसम्बर तक
आर्य समाज बल्केश्वर के 67वें वार्षिकोत्सव समारोह के आमंत्रण पत्र का विमोचन करते पदाधिकारीगण।

प्रधान अवनींद्र कुमार गुप्ता ने जानकारी दी कि चार दिवसीय वृहद यज्ञ एवं वेद कथा का आयोजन महर्षि दयानंद पार्क, कमला नगर में किया जा रहा है। 9 दिसम्बर की सुबह 7 बजे प्रभात फेरी निकाली जाएगी, जो बल्केश्वर तथा कमला नगर के आर्यजनों को वेद कथा में आमंत्रित करेगी। मंत्री यतेंद्र आर्य ने बताया कि प्रतिदिन प्रातः एवं सायं सत्र में विश्वशांति के लिए विश्वेन्द्रार्य पुरोहित द्वारा यज्ञ में आहुति दिलाई जाएगी।

कार्यक्रम में मेरठ से पधार रहे वैदिक प्रवक्ता आचार्य पुनीत शास्त्री वैदिक ज्ञान की धारा प्रवाहित करेंगे। वहीं मुजफ्फरनगर से आ रहे भजनोपदेशक पं. भूपेन्द्र आर्य भजनों की अमृतमयी वर्षा करेंगे।

13 दिसम्बर की शाम भव्य महिला सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें समाज में सक्रिय महिला प्रतिभाओं को वैदिक प्रेरणाएं दी जाएंगी। समापन अवसर पर समाजसेवा, शिक्षा और सांस्कृतिक क्षेत्र में अतुलनीय योगदान दे रहे कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा।

इल मौके पर अवनींद्र कुमार गुप्ता – प्रधान, यतेंद्र आर्य – मंत्री, राहुल आर्य – कोषाध्यक्ष, प्रमोद जिंदल, जितेंद्र आर्य, रामपाल सिंह, नरेंद्र सिंघल, कांता बंसल, उषा गुप्ता, मंजू गुप्ता, अंजली आर्या, निशा जिंदल आदि आर्यजन उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor