अभिनेता इमरान खान को भारत छोड़ने का नोटिस, इस नोटिस को चुनौती देंगे इमरान, फारेनर्स एक्ट के उल्लंघन का आरोप
बॉलीवुड एक्टर इमरान खान को लेकर खबर सामने आ रही है कि वो मुंबई पुलिस के भारत छोड़ने के नोटिस को बॉम्बे हाईकोर्ट में चुनौती देंगे। कथित तौर पर अभिनेता पर 'फॉरेनर्स एक्ट' का उल्लंघन करने के आरोप हैं।
मुंबई। बॉलीवुड एक्टर इमरान खान ने मुंबई पुलिस के 'लीव नोटिस' के खिलाफ बॉम्बे हाईकोर्ट जाने का फैसला किया है। इमरान खान ने सीजेपी प्रोटेस्ट में हिस्सा लिया था। उन्हें इस प्रोटेस्ट में मुंबई पुलिस ने डिटेन कर लिया था, जिसके बाद अब उन्हें 28 अक्टूबर तक देश छोड़ने का नोटिस भेजा गया है। अभिनेता पर 'फॉरेनर्स एक्ट' के उल्लंघन करने का आरोप है।
इमरान खान को ये नोटिस फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (एफआरआरओ) द्वारा भेजा गया है। एक्टर इसके खिलाफ बॉम्बे हाई कोर्ट में एक रिट याचिका दायर करने पर विचार कर रहे हैं और इसके लिए उन्होंने एमजेडएम लीगल एलएलपी को अपना कानूनी सलाहकार नियुक्त किया है। हालांकि एमजेडएम लीगल के मैनेजिंग पार्टनर जुल्फिकार मेमन से ने इस पर कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
वहीं, अगर इमरान खान से जुड़े इस मामले के बारे में बात की जाए तो हाल ही में एक्टर मुंबई में सीजेपी प्रोटेस्ट में शामिल हुए थे, जिसमें प्रदर्शन के दौरान सार्वजनिक व्यवस्था और नियमों के उल्लंघन के आरोप में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। प्रोटेस्ट के दौरान पुलिस ने उन्हें डिटेन भी कर लिया था और बाद में रिलीव भी कर दिया था। अब उन पर कथित तौर पर 'फॉरेनर्स एक्ट' का उल्लंघन करने का आरोप लगा है।
जांच में ये बात निकलकर सामने आई कि इमरान खान के पास इंडिया की नागरिकता नहीं है। उनके पास संयुक्त राज्य अमेरिका की नागरिकता है। वो भारत में एक ओसीआई (ओसीआई) कार्डधारक के रूप में रह रहे हैं। ऐसे में अब जब वो भारतीय नागरिक नहीं हैं तो पुलिस और आव्रजन अधिकारियों ने फॉरेनर्स एक्ट के प्रावधानों के तहत उनके इस एक्शन को विदेशी नागरिकों के लिए तय नियमों का उल्लंघन माना है और उन्हें देश छोड़ने का नोटिस थमा दिया।
इमरान खान ने सीजेपी प्रोटेस्ट में शामिल होने पर अपना रिएक्शन भी दिया था। उन्होंने कहा था कि वो वहां पर किसी भी पार्टी को रिप्रेजेंट नहीं कर रहे थे। वहां केवल एक नागरिक के तौर पर पहुंचे थे। प्रोटेस्ट में अपनी मांग को लेकर भी उन्होंने कहा था कि उनकी किसी से कोई मांग नहीं थी। वहीं, पुलिस हिरासत में लिए जाने के बाद भी उनका एक वीडियो सामने आया था, जिसमें कहते दिखे थे कि वो कभी जेल नहीं गए लेकिन अब हो सकता है। उनका ये वीडियो काफी वायरल हुआ था।