भारत- उज्बेकिस्तान के बीच सहयोग और बढ़ाने पर सहमति, यूरेनियम, एआई और गिफ्ट सिटी पर चर्चा, पीएम मोदी को सर्वोच्च उज्बेक सम्मान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव के बीच ताशकंद में हुई बातचीत में दोनों देशों के संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक ले जाने पर सहमति बनी।  

Aug 30, 2026 - 17:33
 0
भारत- उज्बेकिस्तान के बीच सहयोग और बढ़ाने पर सहमति, यूरेनियम, एआई और गिफ्ट सिटी पर चर्चा, पीएम मोदी को सर्वोच्च उज्बेक सम्मान


ताशकंद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव के बीच ताशकंद में प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत हुई। इस दौरान दोनों देशों ने द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के साथ आर्थिक सहयोग, रणनीतिक साझेदारी, व्यापार, ऊर्जा, तकनीक और शहरों के बीच सहयोग को बढ़ाने पर कई महत्वपूर्ण फैसले लिए। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और उज्बेकिस्तान अपने संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी  के स्तर तक ले जा रहे हैं और इसके तहत ठोस लक्ष्यों के साथ आगे बढ़ेंगे। वहीं, राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उज़्बेकिस्तान का सर्वोच्च राजकीय पुरस्कार 'ओली दाराजाली दुस्तलिक' प्रदान किया।
 
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उन्होंने राष्ट्रपति मिर्जियोयेव की वह किताब देखी है, जिसमें दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए सभी महत्वपूर्ण क्षेत्रों में परियोजनाओं की पहचान की गई है और आगे की कार्ययोजना के लिए समयसीमा भी तय की गई है। पीएम मोदी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें भरोसा है कि दोनों देश मिलकर इन परियोजनाओं पर जल्द प्रगति करेंगे। प्रधानमंत्री ने बताया कि पिछली रात डिनर के दौरान दोनों नेताओं के बीच सार्थक बातचीत हुई और कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इन मामलों पर दोनों देशों की टीमें भी एकमत हैं।

दोनों देशों के बीच सहयोग के सभी पहलुओं को दिशा देने के लिए विदेश मंत्री स्तर पर एक समन्वय परिषद  गठित करने का फैसला लिया गया है। इसके अलावा संयुक्त आयोग को सचिव स्तर से बढ़ाकर मंत्री स्तर पर ले जाने पर भी सहमति बनी है। भारत और उज्बेकिस्तान संयुक्त रूप से एक बिजनेस समिट का आयोजन करेंगे। इसमें दोनों देशों के कारोबारी और बिजनेस लीडर्स शामिल होंगे। इसका उद्देश्य द्विपक्षीय आर्थिक और कारोबारी सहयोग को और गति देना होगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देश यूरेनियम की आपूर्ति के लिए दीर्घकालिक व्यवस्था बनाएंगे। इसके साथ ही भारत और उज्बेकिस्तान के बीच तीन सिस्टर-सिटी और सिस्टर-स्टेट व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं। पीएम मोदी ने कहा कि इन व्यवस्थाओं की क्षमता का पूरी तरह इस्तेमाल करने के लिए एक रोडमैप तैयार किया जाना चाहिए।

प्रधानमंत्री मोदी ने उज्बेकिस्तान में चल रहे 'न्यू ताशकंद' जैसे मेगा प्रोजेक्ट का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत में गुजरात में गिफ्ट सिटी विकसित की गई है। पीएम मोदी ने उज्बेकिस्तान से एक प्रतिनिधिमंडल को भारत आमंत्रित करते हुए कहा कि वह गुजरात आकर तकनीक के इस्तेमाल और गिफ्ट सिटी के अनुभव का अध्ययन कर सकता है।

बैठक के दौरान राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की प्रगति की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत सभी क्षेत्रों में उल्लेखनीय परिणाम हासिल कर रहा है। आर्थिक विकास की उच्च दर बनाए हुए है और बड़े प्रोजेक्ट्स को लागू कर रहा है।

मिर्जियोयेव ने कहा कि भारत डिजिटलीकरण, सूचना प्रौद्योगिकी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, अंतरिक्ष अन्वेषण और कई अन्य क्षेत्रों में असाधारण प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि वैश्विक मामलों में नई दिल्ली की आवाज और प्रभाव भी पहले से अधिक मजबूत हुआ है। राष्ट्रपति ने कहा कि भारत के करीबी मित्र के तौर पर उज्बेकिस्तान इन उपलब्धियों को देखकर खुश है।

प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति मिर्जियोयेव द्वारा उनके लिए आयोजित डिनर और स्वागत की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि भोजन के साथ उन्हें प्रतिभाशाली बच्चों की ओर से प्रस्तुत गीत और नृत्य देखने का अवसर मिला। पीएम मोदी ने कहा कि ऐसा लगा जैसे राष्ट्रपति मिर्जियोयेव ने उज्बेकिस्तान में भारत को जीवंत कर दिया हो और उन्हें अपने गुजरात की भावना का अनुभव हुआ।

पीएम मोदी ने यह भी कहा कि पूरे ताशकंद शहर को भारतीय तिरंगे के रंगों से सजाया गया था, जो उनके लिए बेहद भावुक करने वाला अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि ये सभी बातें दिखाती हैं कि उज्बेकिस्तान के दिल में भारत के लिए कितनी खास जगह है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दो दिन बाद उज्बेकिस्तान अपने स्वतंत्रता दिवस की 35वीं वर्षगांठ मनाएगा। उन्होंने राष्ट्रपति मिर्जियोयेव और उज्बेकिस्तान की जनता को स्वतंत्रता दिवस की अग्रिम बधाई और शुभकामनाएं दीं।