महिला टी20 एशिया कप में थाइलैंड के खिलाफ अपने अभियान का आगाज करेगी भारतीय टीम,  दुबई में मैच रविवार से  

महिला T20 एशिया कप 2026 में भारतीय टीम रविवार को दुबई में थाइलैंड के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेगी। हालिया खराब फॉर्म से उबरने के लिए भारत जीत के इरादे से उतरेगा।

Aug 29, 2026 - 20:47
 0
महिला टी20 एशिया कप में थाइलैंड के खिलाफ अपने अभियान का आगाज करेगी भारतीय टीम,  दुबई में मैच रविवार से  


 
नई दिल्ली। भारतीय महिला क्रिकेट टीम रविवार को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में महिला टी20 एशिया कप के अपने पहले ग्रुप-ए मुकाबले में थाइलैंड का सामना करेगी। इस साल 16 टी20 में से 9 मैच हारने और टी20 विश्व कप के ग्रुप स्टेज से बाहर होने के बाद भारतीय टीम एशिया कप के जरिए जीत की पटरी पर लौटने के इरादे से उतरेगी। इतिहास भारत के पक्ष में है, जिसने 2016-17 से अब तक आयोजित पांच टी20 सीजन में से तीन बार खिताब अपने नाम किया है।

जेमिमा रोड्रिग्स की गैरमौजूदगी में मध्यक्रम की जिम्मेदारी प्रति के रावत पर होगी, जबकि स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा सलामी जोड़ी के रूप में शुरुआत करेंगी। कप्तान हरमनप्रीत कौर के प्रदर्शन पर सभी की निगाहें होंगी। स्पिन आक्रमण की कमान अनुभवी दीप्ति शर्मा, श्री चरणी और राधा यादव संभालेंगी, जबकि तेज गेंदबाजी का नेतृत्व रेणुका सिंह ठाकुर करेंगी।  
 
दूसरी ओर, थाइलैंड की टीम हांगकांग के खिलाफ अपने पहले मैच में 6 रनों की रोमांचक जीत दर्ज करने के बाद आत्मविश्वास से लबरेज है। थाइलैंड की कप्तान नारुमोल चाईवाई (43 रन) और गेंदबाज ओनिचा कामचोमफू (3/27) शानदार फॉर्म में हैं। आठ टीमों के इस एशिया कप के ग्रुप-ए में भारत के साथ थाइलैंड, हांगकांग और पाकिस्तान शामिल हैं।

दोनों टीमों का स्क्वॉड- 
भारत: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), भारती फुलमाली, रिचा घोष (विकेटकीपर), गुनालायन कमलिनी (विकेटकीपर), प्रतिका रावत, शेफाली वर्मा, दीप्ति शर्मा, क्रांति गौड़, प्रेमा रावत, अरुंधति रेड्डी, रेणुका सिंह ठाकुर, नंदिनी शर्मा, श्री चरणी, राधा यादव।

थाइलैंड: नारुमोल चाईवाई (कप्तान), नन्नापत चाईहान, नत्थाकन चंथम, नाओमी हिल्टन, नन्नापत कोंचारोएनकाय (विकेटकीपर), ओनिचा कामचोमफू, फन्निता माया, चनिदा सुथिरुआंग, अफिसरा सुवांचोराथी, सुनिदा चतुरोंगरात्ना, चायानिसा पेंगपेन, सुलीपॉर्न लाओमी, थिपत्चा पुत्थावोंग, थानराडा सीसावान, कोरनिट सुवांचोनराथी।