आईसीसी रैंकिंग में भारत की महिला खिलाड़ियों का दबदबा, स्मृति मंधाना, श्री चरणी टॉप पर मौजूद
भारतीय महिला टीम की नई कप्तान स्मृति मंधाना 790 अंकों के साथ आईसीसी महिला वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में नंबर-1 स्थान पर बरकरार हैं। टी20 गेंदबाजी में भारत की श्री चरणी पहले और दीप्ति शर्मा दूसरे स्थान पर हैं।
नई दिल्ली। आईसीसी द्वारा जारी ताजा महिला रैंकिंग में भारत की नई वनडे कप्तान स्मृति मंधाना ने वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में अपना टॉप स्थान बरकरार रखा है। मंधाना 790 रेटिंग अंकों के साथ पहले स्थान पर काबिज हैं। हाल ही में हरमनप्रीत कौर की जगह भारतीय वनडे टीम की कमान संभालने वाली मंधाना 50 ओवर के फॉर्मेट में देश की सर्वोच्च रैंक वाली बल्लेबाज हैं। वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग के टॉप 10 में हरमनप्रीत कौर 652 अंकों के साथ 9वें स्थान पर मौजूद दूसरी भारतीय खिलाड़ी हैं। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया की एलिस पैरी ने भी टॉप 10 में वापसी की है।
महिला टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में भारत की तीन खिलाड़ियों ने टॉप 10 में जगह बनाई है, जिनमें शेफाली वर्मा चौथे स्थान पर (759 अंक), स्मृति मंधाना पांचवें स्थान पर (754 अंक) और हरमनप्रीत कौर 10वें स्थान पर (656 अंक) काबिज हैं। वहीं टी 20 गेंदबाजी रैंकिंग में भारतीय स्पिनरों का दबदबा पूरी तरह कायम है। श्री चरणी 817 रेटिंग अंकों के साथ दुनिया की नंबर-1 टी20 गेंदबाज बनी हुई हैं। उनके ठीक पीछे ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा 754 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जिससे इस श्रेणी में शीर्ष दो स्थानों पर भारत का कब्जा है।
ऑलराउंडर्स की सूची में दीप्ति शर्मा एकमात्र भारतीय खिलाड़ी हैं जो टॉप-10 में शामिल हैं। वह टी20 ऑलराउंडर रैंकिंग में चौथे स्थान पर हैं, जबकि वनडे ऑलराउंडर सूची में वह छठे स्थान पर हैं। हालांकि, वनडे गेंदबाजी रैंकिंग में दीप्ति एक पायदान फिसलकर नौवें स्थान पर आ गई हैं। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया की अनाबेल सदरलैंड और मेगन शट ने रैंकिंग में अपना स्थान मजबूत किया है। ओवरऑल टीम रैंकिंग की बात करें तो भारतीय महिला क्रिकेट टीम आईसीसी महिला वनडे और टी20 दोनों टीम रैंकिंग में तीसरे स्थान पर बरकरार है।