रक्षाबंधन पर कंगना रनौत ने बाबा रामदेव को बनाया 'बड़ा भाई',  कहा- 'सब भूल चूक माफ'

कंगना रनौत और बाबा रामदेव का विवाद हर दिन बढ़ता जा रहा था। ऐसे में रक्षाबंधन के मौके पर दोनों के बीच विवाद खत्म हो गया है। एक्ट्रेस ने बाबा रामदेव को अपना 'बड़ा भाई' बताया और कहा- 'सब भूल चूक माफ'।  

Aug 28, 2026 - 22:36
 0
रक्षाबंधन पर कंगना रनौत ने बाबा रामदेव को बनाया 'बड़ा भाई',  कहा- 'सब भूल चूक माफ'


 
मुंबई। बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत अक्सर अपनी बेबाकी की वजह से चर्चा में रहती हैं। वो सामाजिक मुद्दों से लेकर विपक्ष की आलोचना करने से कभी पीछे नहीं हटती हैं और कई बार तो उन्हें अपने बयानों की वजह से ही ट्रोल्स का सामना करना पड़ता है। ऐसे में पिछले कुछ दिनों से कंगना रनौत और बाबा रामदेव के बीच जुबानी जंग चल रही थी, जिसके बाद अब रक्षाबंधन के मौके पर एक्ट्रेस ने बाबा रामदेव को बड़ा भाई बताया है।
कंगना रनौत सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं और खुद से जुड़ी कोई ना कोई पोस्ट शेयर करती रहती हैं।  ऐसे में अब रक्षाबंधन के मौके पर एक्ट्रेस ने रामदेव बाबा को लेकर पोस्ट शेयर की है, जिसमें वो मीडिया से बात करते नजर आ रहे हैं। इसे साझा करने के साथ ही कंगना ने लिखा, 'त्योहार का दिन होता है सब भूल चुक माफ करने के लिए है। मेरे भाई बाबा राम देव जी ने बहुत अच्छा कहा कि विवाद नहीं संवाद होना चाहिए।'
कंगना ने पोस्ट में आगे लिखा, 'आज रक्षाबंधन के दिन मैं उनकी मिठाई और बड़े भाई का प्रेम दोनों स्वीकार करती हूं। बहुत धन्यवाद ईश्वर आपको लंबी आयु दे।'
बाबा रामदेव ने रक्षाबंधन के मौके पर कंगना रनौत को तोहफा और मिठाइयां भेजने की बात कही और उनके बीच कड़वाहट को खत्म करने की इच्छा जताई। बाबा रामदेव ने राखी के मौके पर विवादों पर मीडिया से बात करते हुए कहा, 'देश में नफरत या दुश्मनी नहीं होनी चाहिए और मतभेदों को बातचीत से सुलझाया जाना चाहिए। यही नहीं रामदेव ने आगे कहा कि उन्होंने और कंगना ने सारी दुश्मनी पूरी तरह से भुला दी है। उन्होंने जोर दिया कि किसी भी झगड़े को बातचीत से सुलझाया जा सकता है। उन्होंने कंगना को सीधे फोन करने की भी बात कही।
इतना ही नहीं, राखी के मौके पर कंगना रनौत ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट भी शेयर की है, जिसमें वो भाई के साथ राखी मनाते हुए नजर आईं। कंगना ने भाई को राखी बांधते हुए फोटोज भी शेयर की और लिखा, 'मेरे प्यारे भाई. मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि ये प्रेम का बंधन जो मैंने तुम्हारे हाथ पर बांधा है, ये सदा तुम्हारी रक्षा करे। तुम हमारे माता पिता की सेवा करो, कुल की गरिमा बढ़ाओ, पत्नी का सदा कल्याण करो, सनातन की हमेशा रक्षा करो और सदा जीवन संतुष्ट रहो।'
कंगना ने आगे लिखा, 'मेरे प्यारे भाई में सदा तुम्हें स्वस्थ और समृद्ध देखूं, मेरे लिए तुम मेरे माता पिता की ही छवि हो। तुम्हामा प्रेम और संस्कार मुझे सदा मिले, सब बहन भाइयों को इस अति प्रिय पर्व की बहुत शुभकामनाएं। रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं।'