आगरा में आंधी-बारिश से मिली राहत, लेकिन कल से फिर झुलसाएगी गर्मी!
आगरा। शनिवार को दोपहर के बाद मौसम ने अचानक करवट ली और आगरा वालों को तपती धूप से थोड़ी राहत मिली। दोपहर करीब 2 बजे तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हुई, जिसने कुछ समय के लिए मौसम को सुहावना बना दिया। लेकिन यह राहत ज्यादा देर टिकने वाली नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार से फिर पारा चढ़ेगा और तेज गर्मी लोगों को बेहाल करेगी।
करीब 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज हवाओं ने शहर के कई हिस्सों में तबाही मचा दी। पेड़ उखड़ गए, होर्डिंग्स गिर गए और कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बारिश के साथ आई तेज हवाओं से शास्त्रीपुरम, अलवतिया रोड, एमजी रोड, ग्वालियर रोड, खेरिया मोड़ जैसे क्षेत्रों में यातायात प्रभावित हुआ और कई जगह जाम की स्थिति बन गई।
तेज आंधी और हल्की बारिश ने भले ही गर्मी से राहत दी हो, लेकिन यह राहत अस्थायी है। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो रविवार से मौसम साफ रहेगा, जिससे गर्मी का असर फिर तेज हो जाएगा। आज तापमान में कुछ डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन कल से इसमें फिर बढ़ोतरी होने की संभावना है।