प्रदेशीय सब-जूनियर बालिका वॊलीबॊल की मेजबानी आगरा को, 7 से 10 फरवरी तक एकलव्य स्टेडियम में होंगे रोमांचक मुकाबले

आगरा। खेलों के क्षेत्र में अपनी सशक्त पहचान लगातार मजबूत कर रहा आगरा एक बार फिर प्रदेश के खेल मानचित्र पर केंद्र में आ गया है। प्रदेशीय सब-जूनियर बालिका वॊलीबॊल प्रतियोगिता की मेजबानी इस वर्ष आगरा को सौंपी गई है। यह प्रतियोगिता 7 से 10 फरवरी तक एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित होगी, जिसमें उत्तर प्रदेश के सभी मंडलों की बालिका टीमें प्रतिभाग करेंगी।

Feb 5, 2026 - 22:00
Feb 5, 2026 - 22:03
 0
प्रदेशीय सब-जूनियर बालिका वॊलीबॊल की मेजबानी आगरा को, 7 से 10 फरवरी तक एकलव्य स्टेडियम में होंगे रोमांचक मुकाबले

खेल विभाग द्वारा प्रतियोगिता को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। स्टेडियम परिसर में व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में आगरा में खेल निदेशालय द्वारा आयोजित प्राइजमनी अखिल भारतीय वॊलीबॊल प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया था। उसके तुरंत बाद बालिकाओं की इस प्रदेश स्तरीय सब-जूनियर प्रतियोगिता का आयोजन आगरा को मिलना, शहर की खेल संरचना और प्रशासनिक क्षमता पर बढ़ते भरोसे को दर्शा रहा है।

इस प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी मंडलों से चयनित सब-जूनियर बालिका खिलाड़ी हिस्सा लेंगी। चार दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में प्रतिदिन कई मुकाबले खेले जाएंगे, जिससे दर्शकों को उच्च स्तरीय युवा खेल प्रतिभा देखने का अवसर मिलेगा।

स्टेडियम प्रशासन ने आयोजन को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए विभिन्न समितियों का गठन कर दिया है। इनमें प्रमुख रूप से स्वागत समिति, उद्घाटन समिति, भोजन व्यवस्था समिति तथा मैच संचालन एवं तकनीकी समिति शामिल हैं। अलग-अलग दायित्व संबंधित कर्मियों को सौंपे गए हैं ताकि खिलाड़ियों और अधिकारियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

SP_Singh AURGURU Editor