आगरा में महिला से ज्वेलरी लूटने वाले ऒटो चालक को मुठभेड़ में गोली लगी, माल बरामद
आगरा। थाना खंदौली पुलिस ने लूट की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई यमुना एक्सप्रेसवे इंटरचेंज के पास हुई। गिरफ्तार आरोपी ने दो दिन पहले ऑटो में सवारी बिठाकर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था।
लूट की वारदात विगत 20 सितम्बर को बरहन थाना क्षेत्र के आंवलखेड़ा निवासी दयानंद सिसौदिया की पत्नी सावित्री देवी अपने भतीजे के साथ रामबाग आगरा से जब आंवलखेड़ा जा रही थी, तभी ऒटो चालक ने जलेसर रोड से आबिदगढ़ की ओर सुनसान रोड पर ले जाकर सावित्री देवी और उसके भतीजे को चाकू देखाकर सोने के जेवरात और आठ हजार रुपये नकदी लूट ली थी। लूटी गई ज्वेलरी में दो अंगूठियां, कान की बालियां, सोने की एक चेन, दो हजार रुपये नकद और साथ बैठे भतीजे से छह हजार रुपये लूटे थे।
पुलिस टीम को सूचना मिली कि लूट का आरोपी बदमाश एक्सप्रेसवे के पास सक्रिय है। जब पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी ने टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त रॊका उर्फ जितेंद्र निवासी ग्राम कुरावली, थाना सादाबाद, हाथरस के पास से लूटे गए आभूषण भी बरामद किए हैं। साथ ही आरोपी के अन्य फरार साथियों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, जल्द ही पूरी गैंग का पर्दाफाश कर दिया जाएगा। जिस ऒटो का लूट में इस्तेमाल किया गया, वह आरोपी रॊकी के साथी सोनू का है। पुलिस ने ऒटो भी जब्त कर लिया है। दूसरा आरोपी सोनू केके नगर, सविता नगर, ट्रांस यमुना कॊलोनी का निवासी है, जिसकी तलाश की जा रही है। आरोपी के पास से तमंचा भी मिला है।