चौधरी चरण सिंह को 123वीं जयंती पर याद किया गया, रालोद ने दीवानी चौराहा प्रतिमा स्थल पर कराया हवन-यज्ञ

किसानों के मसीहा, भारत रत्न स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह की 123वीं जयंती पर दीवानी चौराहा स्थित प्रतिमा स्थल आस्था, श्रद्धा और विचारों का केंद्र बन गया। राष्ट्रीय लोकदल, विभिन्न सामाजिक संगठनों और अधिवक्ताओं ने हवन-यज्ञ, माल्यार्पण और विचार गोष्ठी के माध्यम से उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

Dec 23, 2025 - 19:35
 0
चौधरी चरण सिंह को 123वीं जयंती पर याद किया गया, रालोद ने दीवानी चौराहा प्रतिमा स्थल पर कराया हवन-यज्ञ
दीवानी चौराहा स्थित चौधरी चरण सिंह के प्रतिमा स्थल पर उनकी 123वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में मौजूद राष्ट्रीय लोकदल के नेता, अधिवक्ता एवं गणमान्य नागरिक।

आगरा। किसानों के मसीहा और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह की 123वीं जयंती पर दीवानी चौराहा स्थित उनके प्रतिमा स्थल पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्रीय लोकदल महानगर के तत्वावधान में माल्यार्पण के बाद हवन-यज्ञ संपन्न हुआ तथा विचार गोष्ठी आयोजित की गई।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने चौधरी चरण सिंह के जीवन और विचारों को स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन किसान, गांव और गरीब के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही देश को सशक्त और समृद्ध बनाया जा सकता है। बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने हवन-यज्ञ में सहभागिता कर प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।

हवन-यज्ञ महानगर अध्यक्ष दुर्गेश शुक्ला द्वारा कराया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश उपाध्यक्ष कप्तान सिंह चाहर एवं नरेन्द्र बघेल ने कहा कि स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह महामानव थे और उनकी नीतियां आज भी प्रासंगिक हैं।

वरिष्ठ अधिवक्ता दुर्गविजय सिंह भैया एवं लोचन चौधरी ने कहा कि चौधरी चरण सिंह स्वयं में ही रत्न थे, जिन्हें भारत रत्न से सम्मानित कर देश ने उनके योगदान को उचित मान दिया।

राष्ट्रीय लोकदल के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव दुर्गेश बघेल एवं किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव अरविंद पाल ने कहा कि चौधरी साहब ने दबे-कुचले और पिछड़े वर्गों को आवाज दी और किसान राजनीति को नई दिशा दी।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय लोकदल के वरिष्ठ नेता चौधरी गोपीचंद जयपाल खिरवार, सुरेंद्र रावत, संजय फौजदार, बाबूलाल प्रधान, अरविंद चाहर, बच्चू सिंह भगौर, वीर फौजदार, युवा राष्ट्रीय लोकदल के जिला अध्यक्ष मयंक कारवार, महानगर अध्यक्ष सौरभ गुप्ता, महानगर उपाध्यक्ष सरदार राजेंद्र सिंह, हरि सिंह बघेल, रामजीलाल बघेल, संजीव शर्मा, आलोक चौधरी, अमरदीप गर्ग, देवेंद्र चौधरी, जसवीर चाहर, नितीश भारद्वाज, सुरेंद्र सिंह, राहुल जूरैल, हरिओम चौधरी, गणेश तोमर, सोनू वर्मा, दिलीप जैन सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor