दवा दिलाने के बहाने बेटी को दिल्ली से लाकर चंबल किनारे ले गया पिता, नदी में डुबाकर मार डालने का आरोप, दिल्ली पुलिस ने आगरा के बासौनी क्षेत्र में डाला डेरा, नदी में सर्च ऒपरेशन
-नीरज परिहार- बाह (आगरा)। आगरा जिले के बासौनी क्षेत्र में रिश्तों को झकझोर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। बासौनी थाना क्षेत्र के गांव लखनपुरा में दिल्ली में रहने वाले पिता पर अपनी 18 वर्षीय बेटी को चंबल नदी में डुबाकर मार डालने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस जांच में आरोपी पिता के मोबाइल से घटना से जुड़े फोटो और वीडियो मिलने की बात सामने आई है। मामले की जांच के लिए दिल्ली पुलिस और बासौनी पुलिस संयुक्त रूप से कार्रवाई कर रही हैं तथा चंबल नदी में युवती के शव की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार दिल्ली के थाना तिगड़ी क्षेत्र में पिता और अन्य परिजनों के साथ रहने वाली युवती को उसका पिता लखपत सिंह 29 जुलाई 2026 को दवा दिलाने के बहाने दिल्ली से बासौनी क्षेत्र लेकर आया था। आरोप है कि लखपत सिंह बेटी को चंबल नदी किनारे ले गया और वहां उसे नदी डुबो दिया। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने पूरी घटना का वीडियो भी बनाया। यह भी बताया जा रहा है कि लखपत ने पहले बेटी की हत्या की और फिर उसके शव को नदी में डुबोया।
घटना के बाद आरोपी पिता दिल्ली लौट गया और थाना तिगड़ी में बेटी के लापता होने की गुमशुदगी दर्ज करा दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो कई तथ्य संदिग्ध मिले। जांच में सामने आया कि युवतीआखिरी बार अपने पिता लखपत सिंह के साथ आगरा के बासौनी क्षेत्र में गई थी।
इसके बाद दिल्ली पुलिस ने बासौनी पुलिस के सहयोग से गांव लखनपुरा में पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पुलिस ने आरोपी पिता के मोबाइल फोन की जांच की, जिसमें घटना से संबंधित फोटो और वीडियो मिलने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
चंबल नदी में शव की तलाश जारी
युवती का शव अभी तक बरामद नहीं हो सका है। बासौनी पुलिस और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम चंबल नदी में लगातार तलाश अभियान चला रही है। शव की खोज के लिए पीएसी के गोताखोरों की टीम को भी लगाया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नदी में सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। आरोपी पिता से पूछताछ कर हत्या के कारणों और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।