श्री गिरिराज जी के छप्पन भोग महोत्सव के लिए शहर में निकाली गई भव्य आमंत्रण यात्रा
आगरा। गिरिराज महाराज के जयघोषों के बीच बुधवार को ताजनगरी आगरा भक्ति, श्रद्धा और सनातन परंपरा के अलौकिक रंग में रंग गई। श्री गिरिराज जी सेवा मंडल ‘परिवार’, आगरा द्वारा गोवर्धन में होने वाले दिव्य छप्पन भोग महोत्सव 2025 के लिए भव्य आमंत्रण यात्रा निकाली गई। पांच दिव्य झांकियों, हीरे जड़े ठाकुर जी के दिव्य श्रृंगार और अघोरियों की धूनी के साथ निकली इस यात्रा ने पूरे शहर को भक्तिमय कर दिया।
प्राचीन मंदिर से हुआ शुभारंभ
आमंत्रण यात्रा का विधिवत शुभारंभ श्री मनकामेश्वर मंदिर, रावतपाड़ा से पूजन एवं गिरिराज महाराज की आरती के साथ हुआ। शंखनाद, भक्ति संगीत और जयघोषों के बीच जैसे पूरा क्षेत्र गिरिराज की भक्ति में डूब गया।
मुख्य अतिथि लघु उद्योग निगम अध्यक्ष राकेश गर्ग, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, भाजपा नेता प्रमोद गुप्ता सहित संस्थापक नितेश अग्रवाल, सह-संस्थापक मयंक अग्रवाल, संरक्षक कपिल नागर, रविंद्र गोयल, अध्यक्ष अजय सिंघल, महामंत्री विजय अग्रवाल, कोषाध्यक्ष विशाल बंसल समेत अनेक गणमान्यजनों ने संयुक्त रूप से आरती कर यात्रा का शुभारंभ किया।
बाजारों से गुजरी भक्ति की धारा
रावतपाड़ा से शुरू होकर यात्रा जौहरी बाजार, सुभाष बाजार, किनारी बाजार, बेलनगंज, कचहरी घाट, छत्ता बाजार और घटिया आजम खान से होती हुई निकली। मार्ग में जगह-जगह सिंह द्वार सजाए गए, दुकानदारों ने पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। पूरा मार्ग पुष्प-सुगंध और भक्ति भाव से सराबोर रहा।
पांच दिव्य झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र
यात्रा में विघ्नहर्ता गणेश जी की झांकी ने मंगल आरंभ किया। इसके बाद भोलेनाथ, महावतार भगवान नरसिंह और सालासर बालाजी की झांकियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
मुख्य आकर्षण रहा श्वेत हंस रथ पर विराजित हीरे जड़े ठाकुर जी का दिव्य डोला। साथ चल रही भोलेनाथ की झांकी और अघोरियों की धूनी ने वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।
ऊंट-घोड़े, दो बैंड और शहनाई दल
चार घोड़े, दो ऊंट, दो बैंड और शहनाई दल के साथ भक्तिमय धुनों पर श्रद्धालु झूमते चले। सेवा मंडल के सभी सदस्य छप्पन भोग थीम पर एकरूप परिधान में शामिल हुए पुरुषों ने कुर्ता-पायजामा और महिलाओं ने लहंगा पहनकर यात्रा को भव्य स्वरूप दिया।
मुख्य अतिथि राकेश गर्ग ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में संस्कार, अनुशासन और एकता का संदेश देते हैं। विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने इसे धार्मिक के साथ-साथ सामाजिक चेतना को जागृत करने वाला आयोजन बताया। संस्थापक नितेश अग्रवाल ने कहा कि यह यात्रा गिरिराज महाराज की कृपा को जन-जन तक पहुँचाने का माध्यम है, जबकि सह-संस्थापक मयंक अग्रवाल ने इसे आगरा से गोवर्धन धाम को जोड़ने वाला आध्यात्मिक सेतु बताया।
फुलट्टी चौराहा पर दीपों की आरती
फुलट्टी चौराहा पर हजारों दीपों के साथ ठाकुर जी की दिव्य आरती उतारी गई। भव्य आतिशबाजी और सजावट ने संध्याकालीन दृश्य को अविस्मरणीय बना दिया। पथवारी स्थित उमरिया गली में भारत विकास परिषद अमृतम द्वारा भी यात्रा का भव्य स्वागत किया गया।
गोवर्धन में होंगे ये प्रमुख आयोजन
संरक्षकों ने बताया कि सभी कार्यक्रम शास्त्रसम्मत विधि से संपन्न होंगे। 25 दिसंबर को भट्ठी पूजन, 26 दिसंबर को पारंपरिक मेहंदी उत्सव, 28 दिसंबर को गोवर्धन महाराज की परिक्रमा एवं अभिषेक, 29 दिसंबर को श्री गुरु काष्र्णि आश्रम, बड़ी परिक्रमा मार्ग, आन्योर में दिव्य छप्पन भोग, भव्य फूल बंगला श्रृंगार, साधु सेवा, विशाल महाप्रसाद एवं संध्याकालीन भजन संध्या होगी। इस दिन स्वर्ण हंस रथ पर विराजमान गिरिराज धरण के विशेष दर्शन होंगे।
आमंत्रण यात्रा में मयंक जैन, नीरज मित्तल, गौरी शंकर खंडेलवाल, बालमुकुंद, पुरुषोत्तम दास मित्तल, राजा बाबू, राजेंद्र अग्रवाल, मनोज शिवहरे, पंकज अग्रवाल, आरएस गुप्ता, अमित अग्रवाल, संदीप मित्तल, सौरभ वर्मा, राहुल गोयल, मुकुंद सिंघल, संजय मंगल, रवि गोयल, विमल फतेहपुरिया सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।